
बठिंडा: पंजाब के बठिंडा जिले से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। बुधवार सुबह बठिंडा-बीकानेर नेशनल हाईवे पर एक भीषण सड़क हादसे में अमरनाथ यात्रा पर जा रहे 4 श्रद्धालुओं की मौत हो गई। इस हादसे में 8 अन्य लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं।
कैसे हुआ हादसा?
जानकारी के अनुसार, राजस्थान के बाड़मेर जिले के रहने वाले 10 से 12 लोग एक ‘टेम्पो ट्रैवलर’ वैन में सवार होकर अमरनाथ यात्रा के लिए निकले थे। सुबह करीब 6:30 बजे बठिंडा में जोधपुर रोमाना और गुरुसर सनेवाला के बीच यह वैन सड़क किनारे खड़े एक ट्रक से पीछे से टकरा गई।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि वैन के परखच्चे उड़ गए और मौके पर ही 4 लोगों ने दम तोड़ दिया। यह घटना बठिंडा क्षेत्र में घटी है।
घायलों का चल रहा इलाज
घटना की सूचना मिलते ही सहारा जन सेवा संस्था की टीम मौके पर पहुंची और घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया। पुलिस और प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हादसे के बाद 8 घायलों को इलाज के लिए एम्स (AIIMS), बठिंडा में भर्ती कराया गया है।
मृतकों की पहचान
पुलिस के अनुसार, मरने वालों में अलग-अलग परिवारों के सदस्य शामिल हैं, जिनमें एक करीब 50 वर्षीय व्यक्ति और 24-25 साल की एक युवती भी है। आधार कार्ड और अन्य दस्तावेजों से पता चला है कि सभी मृतक राजस्थान के बाड़मेर जिले के रहने वाले थे। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।





