केतन अग्रवाल मर्डर केस: सिया गोयल की मां ने चेतन चौधरी के साथ संबंधों पर तोड़ी चुप्पी

मुंबई: केतन अग्रवाल की कथित हत्या के मामले में जांच जैसे-जैसे आगे बढ़ रही है, सिया गोयल के माता-पिता ने उनकी बेटी और चेतन चौधरी के बीच के संबंधों को लेकर अहम बयान दिया है। मामले में सिया और चेतन दोनों मुख्य आरोपी हैं।
‘सिर्फ दोस्त थे, कोई रोमांटिक रिश्ता नहीं’
सिया की मां पूजा गोयल ने साफ किया कि सिया और चेतन के बीच केवल दोस्ती थी। उन्होंने इन खबरों को खारिज किया कि वे किसी रोमांटिक रिश्ते में थे। वायरल हो रही तस्वीरों पर सफाई देते हुए पूजा ने कहा कि वे दोनों सिर्फ एक दोस्त की शादी में शामिल होने गए थे। उन्होंने यह भी बताया कि केतन को इस दोस्ती के बारे में जानकारी थी।
‘अगर दोषी है तो फांसी दे दो’
पूजा गोयल ने अपनी बेटी के चरित्र पर उठ रहे सवालों और मीडिया में चल रही ‘झूठी खबरों’ पर कड़ी नाराजगी जताई। उन्होंने कहा, “मैं सबसे कहना चाहती हूं, अगर मेरी बेटी दोषी है, तो इस मामले को फास्ट ट्रैक करें और उसे फांसी दे दें”। सिया के पिता प्रवीण गोयल ने कहा कि उन्होंने पुलिस जांच में पूरा सहयोग किया है।
क्या है पूरा मामला?
केतन अग्रवाल के पिता, विशाल देवीचंद अग्रवाल द्वारा दर्ज कराई गई एफआईआर के अनुसार, चेतन और सिया ने केतन को लोहगढ़ किले पर धक्का देकर मार डाला। केतन 18 जून की सुबह घर से निकले थे। बाद में, सिया ने केतन की मां को फोन कर दावा किया कि उनका एक्सीडेंटल फॉल (गलती से गिरना) हो गया है, जिसके बाद अस्पताल में उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। केतन के परिवार का मानना है कि उस जगह से फिसलकर गिरना मुमकिन नहीं है।





