IIT बॉम्बे और SUNY Old Westbury के बीच बड़ी साझेदारी, AI और इंजीनियरिंग शिक्षा में मिलकर करेंगे काम

भारत के प्रतिष्ठित IIT बॉम्बे और अमेरिका के SUNY Old Westbury ने इंजीनियरिंग शिक्षा, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और रिसर्च के क्षेत्र में नई साझेदारी की घोषणा की है। इस सहयोग का उद्देश्य दोनों देशों के छात्रों और शोधकर्ताओं के लिए वैश्विक स्तर पर नए अवसर तैयार करना है।
यह घोषणा 26 जून 2026 को आयोजित एक वर्चुअल बैठक के दौरान की गई। इस कार्यक्रम में केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान, उच्च शिक्षा सचिव डॉ. विनीत जोशी, अमेरिका में भारत के राजदूत विनय मोहन क्वात्रा, IIT बॉम्बे के निदेशक प्रो. शिरीष केदारे और SUNY Old Westbury के अध्यक्ष डॉ. टिमोथी ई. सैम्स मौजूद रहे।
दोनों संस्थानों ने Letter of Intent (LoI) पर हस्ताक्षर कर साझेदारी की शुरुआत की। इसके तहत विज्ञान, इंजीनियरिंग और AI जैसे उभरते क्षेत्रों में नए शैक्षणिक कार्यक्रम शुरू किए जाएंगे। साथ ही संयुक्त शोध परियोजनाएं, फैकल्टी एक्सचेंज, रिसर्च सहयोग और अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन भी आयोजित किए जाएंगे।
IIT बॉम्बे के निदेशक प्रो. शिरीष केदारे ने कहा कि दोनों संस्थानों की ताकत एक-दूसरे की पूरक है और यह साझेदारी भविष्य में नई ऊंचाइयों तक पहुंचेगी।
वहीं SUNY Old Westbury के अध्यक्ष डॉ. टिमोथी ई. सैम्स ने कहा कि IIT बॉम्बे विश्वस्तरीय संस्थान है और यह सहयोग छात्रों को वैश्विक स्तर की शिक्षा, नवाचार और रिसर्च का अवसर देगा।
केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने इस साझेदारी को भारत और अमेरिका के बीच “ज्ञान का जीवंत गलियारा” बताया। उन्होंने कहा कि इससे दोनों देशों के छात्रों, शिक्षकों और शोधकर्ताओं को लाभ मिलेगा तथा भविष्य की अत्याधुनिक तकनीकों के विकास में भी मदद मिलेगी।
भारत सरकार और दोनों संस्थानों का मानना है कि यह सहयोग उच्च शिक्षा, रिसर्च और तकनीकी नवाचार के क्षेत्र में भारत-अमेरिका संबंधों को नई मजबूती देगा।





