तेज हवाओं और बारिश ने बदला दिल्ली का मौसम, 31 मई तक राहत के आसार

नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली में गुरुवार रात तेज हवाओं, गरज-चमक और हल्की बारिश ने लोगों को भीषण गर्मी से राहत दी। पिछले कई दिनों से दिल्ली भीषण लू और गर्मी की चपेट में थी, लेकिन मौसम बदलने से तापमान में गिरावट दर्ज की गई।
भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के मुताबिक, पालम इलाके में सबसे तेज हवा 61 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चली। मौसम विभाग ने बताया कि गुरुवार को दिल्ली के कई इलाकों में अधिकतम तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक की कमी आई। इससे पहले तापमान 45 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया था।
आईएमडी के अनुसार, राजधानी में तापमान सामान्य से नीचे दर्ज किया गया। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि 31 मई तक दिल्ली में बारिश और आंधी का दौर जारी रह सकता है।
स्काईमेट वेदर के मौसम वैज्ञानिक महेश पलावत ने बताया कि उत्तरी राजस्थान में बन रही मौसम गतिविधियां शुक्रवार को दिल्ली में और तेज हो सकती हैं। इसके बाद यह सिस्टम 30 और 31 मई के बीच गुजरात की ओर बढ़ेगा। उन्होंने कहा कि इस बार प्री-मानसून बारिश अप्रैल और मई की शुरुआत में हुई बारिश से ज्यादा असरदार हो सकती है।
वहीं उत्तर प्रदेश के कई हिस्सों में गर्मी का कहर जारी है। बांदा में इस सीजन का सबसे अधिक तापमान 47.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। झांसी में 46.5 डिग्री और उरई में 44.8 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड हुआ। आगरा में तापमान 43.3 डिग्री और अलीगढ़ में 42.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हालांकि लखनऊ में अधिकतम तापमान 37.4 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 2.7 डिग्री कम था।
राजस्थान में भी भीषण गर्मी का असर बना हुआ है। श्रीगंगानगर में 47.1 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया, जो राज्य में सबसे ज्यादा रहा। वहीं कोटा, फलोदी, अलवर और जैसलमेर में तापमान 46 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया।





