भारत

कश्मीर में NIA की बड़ी कार्रवाई, कई जगहों पर छापेमारी

कश्मीर घाटी में सोमवार को राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने आतंक से जुड़े मामलों की जांच के तहत कई जगहों पर एक साथ छापेमारी की। यह कार्रवाई संदिग्ध आतंकी नेटवर्क, ओवरग्राउंड वर्कर्स (OGWs) और टेरर फंडिंग से जुड़े मामलों की जांच के सिलसिले में की गई।

अधिकारियों के अनुसार, श्रीनगर और दक्षिण कश्मीर के कई जिलों में यह छापे मारे गए। शोपियां जिले में प्रतिबंधित संगठन जमात-ए-इस्लामी (JeI) से जुड़े ठिकानों पर भी तलाशी ली गई। इनमें इमाम साहिब इलाके का जामिया सिराज-उल-उलूम और मलू चितरगाम (ज़ैनापोरा) में शाहजादा औरंगजेब का घर शामिल है। बताया जा रहा है कि औरंगजेब पहले शोपियां जिले में जमात-ए-इस्लामी का प्रमुख रह चुका है।

NIA की टीमें जम्मू-कश्मीर पुलिस और CRPF के साथ सुबह-सुबह इन जगहों पर पहुंचीं और कई घंटों तक तलाशी अभियान चलाया। श्रीनगर में भी कुछ संदिग्ध लोगों के घरों पर जांच की गई। हालांकि, अभी तक इस मामले में कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है कि जांच में क्या मिला है या किसी की गिरफ्तारी हुई है या नहीं।

गौरतलब है कि जमात-ए-इस्लामी जम्मू-कश्मीर को 2019 में UAPA कानून के तहत बैन किया गया था और 2024 में इस प्रतिबंध को आगे बढ़ाया गया था। संगठन पर अलगाववादी गतिविधियों और टेरर फंडिंग के आरोप हैं। इसके अलावा, जामिया सिराज-उल-उलूम को हाल ही में डिवीजनल कमिश्नर कश्मीर द्वारा UAPA की धारा 8(1) के तहत अवैध संगठन घोषित किया गया है।

Show More

न्यूज़ मोबाइल ब्यूरो

"न्यूज़ मोबाइल हिंदी" एक डिजिटल न्यूज़ प्लेटफ़ॉर्म है जो पाठकों को ताज़ा ख़बरें, गहन विश्लेषण और अपडेट सरल हिंदी में उपलब्ध कराता है। यह राजनीति, खेल, तकनीक, मनोरंजन और बिज़नेस जैसे विषयों पर समाचार प्रस्तुत करता है। साथ ही, इसमें फ़ैक्ट चेक (Fact Check) सेक्शन भी है, जिसके ज़रिए झूठी या भ्रामक ख़बरों की सच्चाई सामने लाकर पाठकों को विश्वसनीय और सही जानकारी दी जाती है। इसका मक़सद है—समाचारों के बीच तथ्य और अफ़वाह में स्पष्ट अंतर दिखाना।
Back to top button