मनोरंजन
रणवीर सिंह की ‘धुरंधर 2’ का जलवा बरकरार, 17वें दिन भी रिकॉर्ड तोड़ कमाई


रणवीर सिंह की फिल्म धुरंधर 2 बॉक्स ऑफिस पर लगातार शानदार प्रदर्शन कर रही है। रिलीज के 17वें दिन यह फिल्म दुनियाभर में ₹1600 करोड़ के आंकड़े के करीब पहुंच गई है।
फिल्म को तीसरे वीकेंड में फिर से जबरदस्त रफ्तार मिली है। शुक्रवार और शनिवार को कमाई में अच्छा उछाल देखने को मिला। 17वें दिन फिल्म ने भारत में करीब ₹25.65 करोड़ की कमाई की, जिससे इसका कुल घरेलू कलेक्शन ₹985 करोड़ (नेट) तक पहुंच गया है। अब यह फिल्म ₹1000 करोड़ के आंकड़े के बेहद करीब है।
विदेशों में भी फिल्म का प्रदर्शन मजबूत बना हुआ है। शनिवार को फिल्म की कमाई में 100% का उछाल आया और एक ही दिन में 1 मिलियन डॉलर से ज्यादा की कमाई की। ओवरसीज मार्केट में इसका कुल कलेक्शन $41.5 मिलियन से ज्यादा हो चुका है। खास बात यह है कि नॉर्थ अमेरिका में इस फिल्म ने बाहुबली 2 का रिकॉर्ड भी पार कर लिया है।
दुनियाभर में फिल्म की कुल कमाई करीब ₹1565 करोड़ पहुंच चुकी है। अब यह पुष्पा 2 और बाहुबली 2 के रिकॉर्ड के करीब पहुंच रही है। हालांकि, दंगल का रिकॉर्ड तोड़ना अभी भी फिल्म के लिए बड़ी चुनौती बना हुआ है।