भारत

गुरु रविदास जयंती पर पीएम मोदी का बड़ा तोहफा, आदमपुर एयरपोर्ट का नाम बदला

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार, 1 फरवरी 2026 को पंजाब के जालंधर स्थित आदमपुर एयरपोर्ट का नया नाम ‘गुरु रविदास महाराज जी एयरपोर्ट, आदमपुर’ रखा। इसके साथ ही उन्होंने लुधियाना के हलवारा एयरपोर्ट के सिविल टर्मिनल भवन का वर्चुअल उद्घाटन भी किया। प्रधानमंत्री दोपहर करीब 3:45 बजे आदमपुर एयरपोर्ट पहुंचे। इस अवसर पर वे संत गुरु रविदास जी की 649वीं जयंती के मौके पर डेरा सचखंड बल्लां भी जाने वाले हैं।

लुधियाना के हलवारा एयरपोर्ट पर बने नए सिविल टर्मिनल के उद्घाटन से पंजाब में हवाई संपर्क को मजबूती मिलेगी और इससे क्षेत्र के औद्योगिक और आर्थिक विकास को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। यह सिविल टर्मिनल रायकोट उपखंड में स्थित भारतीय वायुसेना के बेस पर विकसित किया गया है।

इस परियोजना को पंजाब सरकार और एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया के संयुक्त सहयोग से तैयार किया गया है, जिस पर करीब 54.67 करोड़ रुपये की लागत आई है। हलवारा एयरपोर्ट पर आयोजित कार्यक्रम में केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री राम मोहन नायडू किंजरापु, पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान, केंद्रीय मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू समेत कई अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।

इससे पहले शनिवार, 31 जनवरी 2026 को प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) ने एक बयान में कहा था कि गुरु रविदास जी की 649वीं जयंती के शुभ अवसर पर आदमपुर एयरपोर्ट का नामकरण उनके सम्मान में किया गया है। गुरु रविदास जी एक महान संत और समाज सुधारक थे, जिनकी समानता, करुणा और मानव गरिमा की शिक्षाएं आज भी भारतीय समाज को प्रेरणा देती हैं।

Show More

न्यूज़ मोबाइल ब्यूरो

"न्यूज़ मोबाइल हिंदी" एक डिजिटल न्यूज़ प्लेटफ़ॉर्म है जो पाठकों को ताज़ा ख़बरें, गहन विश्लेषण और अपडेट सरल हिंदी में उपलब्ध कराता है। यह राजनीति, खेल, तकनीक, मनोरंजन और बिज़नेस जैसे विषयों पर समाचार प्रस्तुत करता है। साथ ही, इसमें फ़ैक्ट चेक (Fact Check) सेक्शन भी है, जिसके ज़रिए झूठी या भ्रामक ख़बरों की सच्चाई सामने लाकर पाठकों को विश्वसनीय और सही जानकारी दी जाती है। इसका मक़सद है—समाचारों के बीच तथ्य और अफ़वाह में स्पष्ट अंतर दिखाना।
Back to top button