इंडोनेशिया: जकार्ता की मस्जिद में धमाके में 54 लोग घायल, आतंकी साजिश के संकेत

इंडोनेशिया की राजधानी जकार्ता में शुक्रवार दोपहर एक स्कूल परिसर की मस्जिद में जोरदार धमाका हुआ, जिसमें 54 लोग घायल हो गए। यह धमाका नॉर्थ जकार्ता के केलापा गेडिंग इलाके में हुआ। धमाके के बाद मौके पर भारी सुरक्षा बल पहुंच गए और इलाके को घेर लिया गया। जकार्ता पुलिस प्रमुख एसेप एडी सुहेरी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि पुलिस धमाके के कारणों की जांच कर रही है।
शुरुआती जांच में पुलिस को कुछ ऐसे सबूत मिले हैं जो आतंकी गतिविधियों की ओर इशारा करते हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, मौके से बॉडी वेस्ट, हथियार और बम बनाने के कुछ उपकरण बरामद किए गए हैं। हालांकि मस्जिद को बड़ा नुकसान नहीं हुआ, लेकिन धमाके की वजह से कई लोगों को गंभीर से लेकर मामूली जलन और चोटें आई हैं। सभी घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।
धमाके के बाद पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों ने इलाके को सील कर दिया है। जांच इस बात पर केंद्रित है कि हमले के पीछे कौन लोग हैं और उनका मकसद क्या था। पुलिस प्रमुख ने आश्वासन दिया है कि इस घटना की सच्चाई सामने लाने और दोषियों को पकड़ने के लिए सभी संसाधन लगाए जा रहे हैं।





