ओला-उबर की मनमर्जी पर लगेगा ब्रेक, केंद्र सरकार की ‘भारत टैक्सी’ एंट्री के लिए तैयार

राइड हेलिंग ऐप्स ओला और उबर को टक्कर देने के लिए केंद्र सरकार जल्द अपनी कैब सर्विस ‘भारत टैक्सी’ शुरू करने जा रही है। इसका संचालन सहकारिता मंत्रालय और नेशनल ई-गवर्नेंस डिवीजन (NeGD) मिलकर करेंगे। यह देश की पहली सहकारी (को-ऑपरेटिव) टैक्सी सेवा होगी, जिसमें ड्राइवर स्वयं को-ऑनर की भूमिका में होंगे और उन्हें किसी तरह का कमीशन नहीं देना होगा।
भारत टैक्सी का पायलट प्रोजेक्ट नवंबर में राजधानी दिल्ली से शुरू किया जाएगा। शुरुआती चरण में 650 ड्राइवर और वाहन इस सेवा का हिस्सा होंगे। दिसंबर से इसका विस्तार अन्य शहरों में किया जाएगा और पहले चरण में करीब 5,000 ड्राइवरों को जोड़े जाने की योजना है।
यह मॉडल पूरी तरह को-ऑपरेटिव होगा। सहकार टैक्सी को-ऑपरेटिव लिमिटेड इस सेवा का संचालन करेगी और इसके लिए एक विशेष काउंसिल बनाई गई है। अमूल के एमडी जयेन मेहता को काउंसिल का चेयरमैन नियुक्त किया गया है। ओला-उबर की तरह ऐप आधारित यह सेवा हिंदी, अंग्रेजी, गुजराती और मराठी सहित कई भाषाओं में उपलब्ध होगी।
भारत टैक्सी में ड्राइवरों को हर राइड का पूरा किराया मिलेगा। उन्हें केवल दैनिक, साप्ताहिक या मासिक आधार पर एक मामूली मेंबरशिप चार्ज देना होगा। माना जा रहा है कि कमीशन-फ्री मॉडल के कारण बड़ी संख्या में ड्राइवर इस प्लेटफॉर्म की ओर रुख कर सकते हैं।
दिल्ली के बाद इस सेवा को मुंबई, पुणे, लखनऊ, जयपुर, भोपाल समेत लगभग 20 बड़े शहरों में क्रमिक रूप से शुरू किया जाएगा। इसका ऐप ऐंड्रॉयड के लिए गूगल प्ले स्टोर और आईफोन यूजर्स के लिए ऐपल ऐप स्टोर पर उपलब्ध होगा।





