AI साइंस-टेक्नोलॉजी

दीपिका पादुकोण बनीं Meta AI की आवाज़, पहली भारतीय एक्ट्रेस के रूप में शामिल

मेटा ने अपने Ray-Ban Meta Glasses में कई नए AI-पावर्ड फीचर्स जोड़े हैं। अब इन स्मार्ट ग्लासेस के ज़रिए यूज़र्स न सिर्फ हिंदी में बात कर सकेंगे, बल्कि बॉलीवुड एक्ट्रेस दीपिका पादुकोण की आवाज़ में मेटा एआई से बातचीत भी कर पाएंगे। मेटा एआई के लिए दीपिका पादुकोण की आवाज़ जोड़ी गई है। वह मेटा एआई के ग्लोबल सेलिब्रिटी वॉइस लाइनअप में शामिल होने वाली पहली भारतीय अभिनेत्री बन गई हैं। इससे पहले हॉलीवुड की मशहूर हस्तियां जैसे Awkwafina और Judi Dench भी एआई वॉइस के रूप में शामिल की जा चुकी हैं।

दिलचस्प बात यह है कि दीपिका का यह सहयोग ऐसे समय में आया है जब कई भारतीय फिल्म स्टार और सिंगर — जैसे अनिल कपूर, सुनील शेट्टी, ऐश्वर्या राय बच्चन, आशा भोंसले और अरिजीत सिंह — अपने पर्सनैलिटी राइट्स की सुरक्षा के लिए अदालत का दरवाज़ा खटखटा चुके हैं।

नई अपडेट के बाद अब यूज़र्स अपने Ray-Ban Meta Glasses से हैंड्स-फ्री तरीके से बात कर सकते हैं। बस कहना होगा — “Hey Meta”, और एआई असिस्टेंट तुरंत जवाब देगा। यूज़र्स इन ग्लासेस के जरिए कोई सवाल पूछ सकते हैं, जोक सुन सकते हैं, ट्रिविया जान सकते हैं या किसी वाक्य का अनुवाद भी कर सकते हैं — वो भी बिना फोन निकाले। अगर आप मेटा एआई की आवाज़ बदलना चाहते हैं, तो Meta AI App में जाएं और Device Settings > Meta AI > Language and Voice पर जाकर दीपिका पादुकोण की आवाज़ को चुन सकते हैं।

मेटा ने भारत के लिए एक और बड़ा अपडेट दिया है — अब आप अपने Ray-Ban Meta Glasses से हिंदी में भी बात कर सकते हैं।
यह फीचर भारत की एआई कंपनी Sarvam के सहयोग से जोड़ा गया है। हिंदी भाषा को एक्टिव करने के लिए, अपने फोन में Meta AI App खोलें और Device Settings > Meta AI > Language and Voice में जाकर Hindi को चुनें।

इसके अलावा, मेटा ने एक नया फेस्टिव फोटो रेस्टाइलिंग फीचर भी लॉन्च किया है, जिससे यूज़र्स अपनी तस्वीरों को त्योहारों की थीम में री-स्टाइल कर सकते हैं। इन नए फीचर्स के साथ मेटा का यह कदम भारत में एआई और वॉइस टेक्नोलॉजी को और भी ज्यादा पर्सनल और इंटरेक्टिव बनाने की दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है।

Show More

न्यूज़ मोबाइल ब्यूरो

"न्यूज़ मोबाइल हिंदी" एक डिजिटल न्यूज़ प्लेटफ़ॉर्म है जो पाठकों को ताज़ा ख़बरें, गहन विश्लेषण और अपडेट सरल हिंदी में उपलब्ध कराता है। यह राजनीति, खेल, तकनीक, मनोरंजन और बिज़नेस जैसे विषयों पर समाचार प्रस्तुत करता है। साथ ही, इसमें फ़ैक्ट चेक (Fact Check) सेक्शन भी है, जिसके ज़रिए झूठी या भ्रामक ख़बरों की सच्चाई सामने लाकर पाठकों को विश्वसनीय और सही जानकारी दी जाती है। इसका मक़सद है—समाचारों के बीच तथ्य और अफ़वाह में स्पष्ट अंतर दिखाना।
Back to top button