नोएडा में तेज रफ्तार डिफेंडर का कहर: 6 वाहन चकनाचूर, चालक गिरफ्तार

नोएडा में एक बार फिर तेज रफ्तार का खौफनाक नजारा देखने को मिला. देर रात गुलशन मॉल तिराहे के पास एक अनियंत्रित डिफेंडर कार ने सड़क पर चल रही पांच कारों और एक मोटरसाइकिल को जोरदार टक्कर मार दी. हादसा इतना भयानक था कि कई वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए, हालांकि गनीमत रही कि किसी की जान नहीं गई.

पुलिस के मुताबिक, दुर्घटना थाना एक्सप्रेस-वे क्षेत्र की है. जांच में पता चला कि डिफेंडर (रजिस्ट्रेशन नंबर UP16EN1111) को सुनीत नाम का युवक चला रहा था, जो नोएडा के सेक्टर 100 का रहने वाला है. हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और चालक को मौके से गिरफ्तार कर लिया.
नोएडा पुलिस कमिश्नरेट के मीडिया सेल ने बताया कि प्रारंभिक जांच में यह साफ हुआ है कि चालक ने लापरवाही से गाड़ी चलाई, जिससे यह दुर्घटना हुई. डिफेंडर की टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाकी पांच गाड़ियों के बंपर, बोनट और दरवाजे बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए, जबकि मोटरसाइकिल भी पूरी तरह टूट गई.
फिलहाल पुलिस ने आरोपी चालक को हिरासत में लेकर वाहन को सीज कर लिया है. आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है.
गौरतलब है कि हाल के दिनों में नोएडा और आसपास के इलाकों में तेज रफ्तार से होने वाली दुर्घटनाओं में लगातार इजाफा देखा जा रहा है. पुलिस प्रशासन ने एक बार फिर नागरिकों से अपील की है कि सड़क पर गति सीमा का पालन करें और लापरवाही से वाहन न चलाएं.
If you want to fact-check any story, WhatsApp it now on +91 11 7127 9799 or Click Here





