मनोरंजन

सुपरमैन और बैटमैन एक ही साल में करेंगे एंट्री, 2027 बनेगा डीसी फैंस का सुपर ईयर

रॉबर्ट पैटिनसन के फैंस के लिए एक खुशखबरी और थोड़ी निराशा, दोनों साथ आई हैं। एक ओर जहां ‘द बैटमैन पार्ट-2’ को लेकर नई अपडेट सामने आई है, वहीं दूसरी ओर इसकी रिलीज डेट फिर से आगे बढ़ा दी गई है। निर्देशक मैट रीव्स (Matt Reeves) ने साफ किया है कि ‘द बैटमैन’ की कहानी अभी खत्म नहीं हुई है। उनकी योजना इसे एक डार्क नाइट ट्रिलॉजी के रूप में पेश करने की है। यानी आने वाले सालों में रॉबर्ट पैटिनसन दो और फिल्मों में बैटमैन के रूप में नजर आएंगे।

पहले से तय शेड्यूल के अनुसार ‘द बैटमैन पार्ट-2’ की रिलीज 3 अक्टूबर 2025 को होनी थी। लेकिन हॉलीवुड राइटर्स गिल्ड की हड़ताल और स्क्रिप्ट में हुई देरी की वजह से यह तारीख टाल दी गई है। इस कारण डीसी यूनिवर्स (DCU) की कई फिल्मों की प्लानिंग पर भी असर पड़ा है।

 

View this post on Instagram

 

A post shared by Peacemaker (@peacemaker)


डीसी स्टूडियोज की आधिकारिक घोषणा के मुताबिक, ‘द बैटमैन पार्ट-2’ अब 1 अक्टूबर 2027 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। दिलचस्प बात यह है कि उसी साल जेम्स गन (James Gunn) की ‘सुपरमैन: मैन ऑफ टुमॉरो’ भी रिलीज होगी। यानी 2027 डीसी फैंस के लिए डबल धमाका लेकर आएगा — एक तरफ बैटमैन और दूसरी ओर सुपरमैन।

कई महीनों की खामोशी के बाद जून 2025 में निर्देशक मैट रीव्स ने इंस्टाग्राम पर ‘द बैटमैन 2’ की फाइनल स्क्रिप्ट की तस्वीर शेयर की थी। इस पोस्ट के बाद सोशल मीडिया पर फैंस में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। वहीं, वॉर्नर ब्रदर्स डिस्कवरी के सीईओ डेविड जस्लाव ने भी पुष्टि की कि फिल्म की शूटिंग स्प्रिंग 2026 में शुरू होगी।

हालांकि, अब तक कहानी को लेकर कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है, लेकिन उम्मीद की जा रही है कि ‘द बैटमैन’ के पहले पार्ट की तरह दूसरा भाग भी गोथम सिटी की डार्क और रियलिस्टिक दुनिया को और गहराई से दिखाएगा। इस बार कहानी ब्रूस वेन की मानसिक स्थिति और गोथम में बढ़ती अपराध की नई लहर पर केंद्रित हो सकती है। भले ही रिलीज डेट आगे बढ़ गई हो, लेकिन ‘द बैटमैन पार्ट-2’ को लेकर फैंस का उत्साह कम नहीं हुआ है। 2027 में जब रॉबर्ट पैटिनसन फिर से बैटमैन के रूप में पर्दे पर लौटेंगे, तो यह डीसी यूनिवर्स के लिए एक बड़ा सिनेमैटिक मोमेंट साबित हो सकता है।

Show More

न्यूज़ मोबाइल ब्यूरो

"न्यूज़ मोबाइल हिंदी" एक डिजिटल न्यूज़ प्लेटफ़ॉर्म है जो पाठकों को ताज़ा ख़बरें, गहन विश्लेषण और अपडेट सरल हिंदी में उपलब्ध कराता है। यह राजनीति, खेल, तकनीक, मनोरंजन और बिज़नेस जैसे विषयों पर समाचार प्रस्तुत करता है। साथ ही, इसमें फ़ैक्ट चेक (Fact Check) सेक्शन भी है, जिसके ज़रिए झूठी या भ्रामक ख़बरों की सच्चाई सामने लाकर पाठकों को विश्वसनीय और सही जानकारी दी जाती है। इसका मक़सद है—समाचारों के बीच तथ्य और अफ़वाह में स्पष्ट अंतर दिखाना।
Back to top button