AI साइंस-टेक्नोलॉजी

अमेरिका की सरकारी सेवाओं में शामिल होगा Meta का AI सिस्टम Llama

अमेरिकी सरकार की एजेंसियां अब Meta Platforms के विकसित किए गए AI सिस्टम ‘Llama’ का इस्तेमाल कर सकेंगी। यह जानकारी General Services Administration (GSA) के एक वरिष्ठ अधिकारी जोश ग्रुएनबॉम ने दी है। GSA, जो कि सरकार की खरीद से जुड़ी इकाई है, ने Llama को उन आधिकारिक AI टूल्स की लिस्ट में शामिल कर लिया है, जिन्हें अब सरकारी एजेंसियां प्रयोग कर सकती हैं।

Llama, मेटा का एक उन्नत Large Language Model (LLM) है, जो टेक्स्ट, वीडियो, इमेज और ऑडियो जैसे डेटा को प्रोसेस करने की क्षमता रखता है। सरकारी एजेंसियों को अब इसे नि:शुल्क उपयोग करने की सुविधा मिलेगी और GSA की तरफ से यह आश्वासन भी रहेगा कि यह टूल सुरक्षा और कानूनी मानकों पर खरा उतरता है।

जोश ग्रुएनबॉम ने कहा कि एजेंसियां इस टूल की मदद से ठेके (contracts) की समीक्षा तेज़ी से कर सकेंगी या आईटी से जुड़ी समस्याओं को जल्दी सुलझा सकेंगी। GSA ने हाल के महीनों में मेटा के प्रतिस्पर्धियों जैसे Amazon Web Services, Microsoft, Google, Anthropic और OpenAI के AI टूल्स को भी मंजूरी दी है। इन कंपनियों ने अपने पेड प्रोडक्ट्स को भारी छूट पर देने और सुरक्षा मानकों का पालन करने का वादा किया है।

यह पूछे जाने पर कि क्या ये कंपनियां अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की मंजूरी हासिल करने के लिए छूट दे रही हैं, तो ग्रुएनबॉम ने कहा, “यह किसी को खुश करने की बात नहीं है, बल्कि यह समझने की कोशिश है कि हम सब मिलकर इस देश को और बेहतर कैसे बना सकते हैं।”

सरकारी क्षेत्र में अब AI टूल्स के तेजी से उपयोग से उम्मीद है कि कई प्रशासनिक प्रक्रियाएं तेज और ज्यादा प्रभावी हो जाएंगी।

Show More

न्यूज़ मोबाइल ब्यूरो

"न्यूज़ मोबाइल हिंदी" एक डिजिटल न्यूज़ प्लेटफ़ॉर्म है जो पाठकों को ताज़ा ख़बरें, गहन विश्लेषण और अपडेट सरल हिंदी में उपलब्ध कराता है। यह राजनीति, खेल, तकनीक, मनोरंजन और बिज़नेस जैसे विषयों पर समाचार प्रस्तुत करता है। साथ ही, इसमें फ़ैक्ट चेक (Fact Check) सेक्शन भी है, जिसके ज़रिए झूठी या भ्रामक ख़बरों की सच्चाई सामने लाकर पाठकों को विश्वसनीय और सही जानकारी दी जाती है। इसका मक़सद है—समाचारों के बीच तथ्य और अफ़वाह में स्पष्ट अंतर दिखाना।
Back to top button