सिक्किम में फिर टूटा कुदरत का कहर: 4 की मौत, 3 लापता

सिक्किम में एक बार फिर कुदरत ने कहर बरपाया है। पश्चिम सिक्किम के यांगथांग विधानसभा क्षेत्र के ऊपरी रिंबी इलाके में गुरुवार देर रात भूस्खलन की घटना में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि एक महिला गंभीर रूप से घायल है। तीन लोगों के लापता होने की भी खबर है।
मध्यरात्रि को हुए इस भूस्खलन में 4 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस और एसएसबी की टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय ग्रामीणों के साथ मिलकर राहत-बचाव कार्य शुरू किया। बचाव दल को ह्यूम नदी पार करनी पड़ी, जिसमें बाढ़ आने से रास्ता अवरुद्ध था। ऐसे में पेड़ों के लट्ठों से अस्थायी पुल बनाया गया और दो महिलाओं को सुरक्षित निकाला गया।
#WATCH | Sikkim | Four dead and three missing after a landslide in Upper Rimbi under the Yangthang Constituency in West Sikkim at midnight. Three individuals were killed on the spot when the landslide hit. The police team, in coordination with local villagers and SSB personnel,… https://t.co/wafkzs0Qiw pic.twitter.com/xQtanW71fW
— ANI (@ANI) September 12, 2025
दोनों महिलाओं को तुरंत जिला अस्पताल ले जाया गया। इलाज के दौरान एक महिला की मौत हो गई, जबकि दूसरी की हालत गंभीर बनी हुई है। पुलिस अधीक्षक छीरिंग शेरपा ने बताया कि लगातार खराब मौसम के कारण बचाव कार्य में दिक्कतें आ रही हैं और तीन लोग अभी भी लापता हैं।
गौरतलब है कि इससे पहले 1 जून को भी सिक्किम के चट्टन इलाके में भूस्खलन हुआ था, जिसमें एक सैन्य शिविर प्रभावित हुआ था। उस हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई थी और कई लोग घायल हुए थे।
इस साल भारी बारिश ने पूर्वोत्तर और पहाड़ी राज्यों में भारी तबाही मचाई है, जिससे सैकड़ों लोगों की जान जा चुकी है।





