आर्यन खान का डायरेक्टोरियल डेब्यू, ट्रेलर में दिखा ग्लैमर और गेम!

नेटफ्लिक्स की बहुचर्चित सीरीज ‘The Ba***ds of Bollywood’ का ट्रेलर आखिरकार रिलीज हो गया है। पिछले महीने आए टीज़र के बाद से ही फैन्स में इस सीरीज को लेकर जबरदस्त उत्साह था। ये सीरीज आर्यन खान के डायरेक्टोरियल डेब्यू के तौर पर सामने आ रही है और इसमें भरपूर मसाला, दमदार डायलॉग्स और बड़े-बड़े सिनेमैटिक मोमेंट्स नजर आ रहे हैं। रेड चिलीज़ एंटरटेनमेंट के प्रोडक्शन में बनी यह 7 एपिसोड की सीरीज इस साल की सबसे चर्चित वेब सीरीज में से एक बनने वाली है।
कहानी आसमान सिंह (लक्ष्य) के इर्द-गिर्द घूमती है, जो बॉलीवुड में अपना नाम बनाने का सपना देखता है। उसके साथ हैं उसका दोस्त परवेज (राघव जुयाल), मैनेजर सोन्या (अन्या सिंह) और परिवार – मां नीता सिंह (मोना सिंह), पिता रजत सिंह (विजयंत कोहली) और चाचा अवतार (मनोज पाहवा)।
लेकिन ग्लैमर की इस दुनिया में सपनों की कीमत चुकानी पड़ती है। आसमान का सामना होता है सुपरस्टार अजय तलवार (बॉबी देओल) से, जब उसे उनकी बेटी करिश्मा (सहर बाम्बा) के साथ फिल्म में कास्ट किया जाता है। कहानी में और तड़का लगाता है चालाक प्रोड्यूसर फ्रेडी सोडावाला (मनीष चौधरी) और एक पुराना एक्टर जराज सक्सेना (रजत बेदी), जो कमबैक करने के लिए बेताब है।
सीरीज में बॉलीवुड की चमक-धमक के पीछे की सच्चाई को दिखाने के साथ-साथ बड़े स्टार्स के गेस्ट अपीयरेंस भी नजर आएंगे। ट्रेलर की सबसे बड़ी हाइलाइट है शाहरुख खान का कैमियो, जहां उन्हें “बादशाह” कहा जाता है और बैकग्राउंड में उनका टाइटल ट्रैक बजता है।
खास बात ये है कि सीरीज में पहली बार तीनों खान – शाहरुख, सलमान और आमिर – को एक साथ दिखाने का वादा किया गया है। इसके अलावा रणवीर सिंह, सारा अली खान, एसएस राजामौली, बादशाह और दिशा पाटनी जैसे सितारों की मौजूदगी फैन्स के लिए बोनस होगी।
‘The Bads of Bollywood’ 18 सितंबर को नेटफ्लिक्स पर रिलीज होगी।* ये सीरीज बॉलीवुड के ग्लैमर, पॉलिटिक्स और पावर गेम का एक जबरदस्त, नॉन-फिल्टर्ड और एंटरटेनिंग अंदाज में मजाक उड़ाती है।





