NRI दूल्हे की तलाश में महिला शिक्षिका हुई ठगी का शिकार, 94 लाख रुपये गंवाए

उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद की एक महिला शिक्षिका की दूल्हा ढूंढने की कोशिश ऑनलाइन ठगी में बदल गई। ठग ने खुद को अमेरिका में रहने वाला डॉक्टर बताकर शादी का भरोसा दिलाया और अलग-अलग किश्तों में 94.78 लाख रुपये ऐंठ लिए। जब महिला ने रुपये भेजना बंद किया, तो उसे एडिट की हुई तस्वीरें वायरल करने की धमकी दी गई। मामला साइबर थाने तक पहुंचा, जहां एफआईआर दर्ज हुई।
ऐसे रचा गया फर्जीवाड़े का खेल
महिला ने 25 जुलाई को मैट्रीमोनियल साइट पर प्रोफाइल बनाई थी। इसके बाद एक शख्स ने संपर्क किया और खुद को अमेरिका में रहने वाला “अरव सिंह” नामक जनरल सर्जन बताया। शुरुआत में उसने शादी की इच्छा जताई और भरोसा जीतने के बाद दावा किया कि उसने महिला के लिए अमेरिका से एक पार्सल भेजा है, जिसमें सोना, डायमंड रिंग और डॉलर हैं।
कस्टम अधिकारी बनकर ठगे लाखों
कुछ दिन बाद महिला को फोन आया। कॉल करने वाले ने खुद को दिल्ली कस्टम का अधिकारी बताया और कहा कि पार्सल कस्टम में अटका हुआ है, जिसे छुड़ाने के लिए पहले 30 हजार रुपये जमा करने होंगे। महिला ने यह रकम भेज दी। इसके बाद अलग-अलग किस्तों में कुल 94.78 लाख रुपये ट्रांसफर करवा लिए गए।
पैसे रुकते ही मिली धमकी
जब महिला ने आगे पैसे भेजने से इनकार किया, तो ठगों ने धमकी दी कि उसकी एडिट की हुई तस्वीरें सोशल मीडिया पर डाल दी जाएंगी। घबराकर महिला ने साइबर थाने में शिकायत दर्ज कराई।
एसपी क्राइम सुभाष चंद्र गंगवार ने कहा कि शिकायत के आधार पर एफआईआर दर्ज कर ली गई है और पुलिस ठगों की तलाश कर रही है।





