50% टैरिफ के बदले 100%! केजरीवाल का अमेरिका पर पलटवार का सुझाव

आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल ने गुरुवार को केंद्र सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि अगर अमेरिका ने भारतीय सामान पर 50% टैरिफ लगाया है, तो भारत को अमेरिकी सामान पर 100% टैरिफ लगाना चाहिए। केजरीवाल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर भी आरोप लगाया कि वह अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के दबाव में काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा, “ट्रंप डरपोक है। उसने उन देशों के सामने झुककर कदम पीछे खींच लिए जिन्होंने उसके खिलाफ सख्त रुख अपनाया। मुझे नहीं पता कि मोदी जी के सामने ऐसी कौन-सी मजबूरी है कि वह कुछ नहीं बोल रहे।”
“We should impose 100% tariff on America”: AAP chief Arvind Kejriwal
Read @ANI Story | https://t.co/215YQBz4zJ#ArvindKejriwal #AAP #Tariffs #US #Cotton pic.twitter.com/SbucGNOxNs
— ANI Digital (@ani_digital) August 28, 2025
केजरीवाल ने सरकार द्वारा अमेरिकी कॉटन पर 11% इंपोर्ट ड्यूटी हटाने के फैसले को किसानों के साथ धोखा बताया। उन्होंने कहा कि यह फैसला देश के किसानों को नुकसान पहुंचाएगा। “हम मांग करते हैं कि पीएम मोदी इस आदेश को तुरंत वापस लें और 11% इंपोर्ट ड्यूटी फिर से लागू करें, ताकि हमारे किसानों की रक्षा हो सके।”
सरकार ने यह ड्यूटी हटाने का फैसला 19 अगस्त से 30 सितंबर तक लिया था। इससे अमेरिकी कपास भारतीय कपास की तुलना में 15 से 20 रुपये प्रति किलो सस्ता हो जाएगा। इसका सीधा असर भारतीय किसानों पर पड़ेगा। वित्त मंत्रालय के अनुसार, यह फैसला घरेलू टेक्सटाइल इंडस्ट्री में कपास की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए लिया गया है। पहले ड्यूटी में छूट 30 सितंबर तक थी, लेकिन अब इसे 31 दिसंबर तक बढ़ा दिया गया है ताकि एक्सपोर्टर्स को और मदद मिल सके।
केजरीवाल ने कहा कि यह फैसला ट्रंप के दबाव में लिया गया है और इससे किसान मुश्किल में पड़ जाएंगे।
“मोदी जी ने किसानों की पीठ में छुरा घोंपने का काम किया है। आज 90-95% किसानों को पता भी नहीं कि उनके साथ क्या हो गया है। जब सच्चाई सामने आएगी, तो किसानों के पास आत्महत्या के अलावा कोई रास्ता नहीं बचेगा।”
उन्होंने कहा कि अगर अमेरिकी कॉटन सस्ता हो जाएगा, तो भारतीय किसान अपनी फसल कैसे बेचेंगे। इसलिए सरकार को यह फैसला तुरंत वापस लेना चाहिए।





