राष्ट्रीय अंतरिक्ष दिवस पर पीएम मोदी की बड़ी घोषणा, भारत बनाएगा अपना स्पेस स्टेशन

राष्ट्रीय अंतरिक्ष दिवस के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को देशवासियों को संबोधित करते हुए कई अहम घोषणाएँ कीं। उन्होंने कहा कि भारत जल्द ही अपना खुद का स्पेस स्टेशन स्थापित करने जा रहा है। इस दौरान प्रधानमंत्री ने मिशन गगनयान, भारत की बढ़ती स्पेस पावर और अंतरिक्ष विज्ञान में युवाओं की भूमिका पर भी जोर दिया।
प्रधानमंत्री ने अपने भाषण में Axiom-4 मिशन के पायलट ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला का विशेष उल्लेख किया। हाल ही में अंतरिक्ष यात्रा पूरी कर लौटे शुक्ला से मुलाकात का ज़िक्र करते हुए उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन पर तिरंगा फहराकर शुक्ला ने हर भारतीय का गौरव बढ़ाया है। प्रधानमंत्री ने युवाओं से “भारतीय अंतरिक्ष यात्री दल” (Astronaut Pool) से जुड़ने की अपील की, ताकि वे भारत के अंतरिक्ष सपनों को नई ऊँचाइयों तक ले जा सकें।
गौरतलब है कि 23 अगस्त 2023 को भारत ने चाँद पर सफलतापूर्वक उतरकर चौथा देश बनने का गौरव हासिल किया था। उसके बाद प्रधानमंत्री मोदी ने घोषणा की थी कि हर साल 23 अगस्त को राष्ट्रीय अंतरिक्ष दिवस के रूप में मनाया जाएगा।
सरकार की उपलब्धियों का जिक्र करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि एक समय ऐसा था जब अंतरिक्ष क्षेत्र पर पूरी तरह सरकारी नियंत्रण था, लेकिन अब नियमों में बदलाव कर निजी क्षेत्र को भी अवसर दिए गए हैं। आज देश में 350 से अधिक स्पेस स्टार्टअप्स काम कर रहे हैं और जल्द ही निजी क्षेत्र द्वारा बनाया गया पहला पीएसएलवी (PSLV) लॉन्च किया जाएगा।
प्रधानमंत्री ने कहा, “अंतरिक्ष हमें यह सिखाता है कि वहाँ कोई ठहराव नहीं है और कोई अंतिम पड़ाव नहीं है। मेरी सोच है कि अंतरिक्ष क्षेत्र में नीतिगत स्तर पर भी कभी अंतिम पड़ाव नहीं होना चाहिए। इसलिए मैंने लाल किले से कहा था – हमारा मार्ग है: रिफॉर्म, परफॉर्म और ट्रांसफॉर्म।
इसी बीच, इसरो प्रमुख एस. नारायणन ने भी बड़ी घोषणा की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के विजन के तहत इसरो चंद्रयान-4 मिशन की तैयारी शुरू कर चुका है। इसके अलावा 2035 तक भारत का अपना भारतीय अंतरिक्ष स्टेशन (BAS) स्थापित किया जाएगा और इसका पहला मॉडल 2028 तक लॉन्च करने का लक्ष्य है।
भारत वर्तमान में सेमी-क्रायोजेनिक इंजन और इलेक्ट्रिक प्रोपुलेशन जैसी उन्नत तकनीकों पर तेज़ी से काम कर रहा है। प्रधानमंत्री ने कहा कि ये उपलब्धियाँ नए भारत की महत्वाकांक्षाओं और युवाओं के साहस को और मज़बूती देंगी।
If you want to fact-check any story, WhatsApp it now on +91 11 7127 9799 or Click Here





