सलमान-कपिल की दोस्ती पर बिश्नोई गैंग का वार, मुंबई में अलर्ट

मुंबई पुलिस ने कॉमेडियन कपिल शर्मा की सुरक्षा बढ़ा दी है। यह कदम कनाडा में उनके कैफ़े पर हुई दो फायरिंग की घटनाओं के बाद उठाया गया है। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने सोमवार को बताया कि कपिल शर्मा की सुरक्षा के लिए पर्याप्त इंतज़ाम किए गए हैं, हालांकि सुरक्षा व्यवस्था के बारे में ज्यादा जानकारी साझा नहीं की गई।
8 अगस्त को कनाडा के ब्रिटिश कोलंबिया प्रांत के सरे शहर में स्थित कपिल शर्मा के रेस्तरां ‘कैप्स कैफ़े’ पर अज्ञात हमलावरों ने गोलियां चलाईं। यह घटना एक महीने से भी कम समय में दूसरी बार हुई है। इससे पहले 10 जुलाई को भी कैफ़े पर फायरिंग हुई थी। यह कैफ़े 4 जुलाई को ही आधिकारिक रूप से शुरू हुआ था।
पहली घटना के बाद मुंबई पुलिस कपिल शर्मा के ओशिवारा स्थित घर भी पहुंची थी, जहां हालात का जायज़ा लिया गया और उन्हें सुरक्षा मुहैया कराई गई। लेकिन दूसरी फायरिंग के बाद उनकी सुरक्षा और कड़ी कर दी गई है।
इस बीच, लॉरेंस बिश्नोई गैंग ने हमले की ज़िम्मेदारी लेते हुए बॉलीवुड को खुलेआम धमकी दी है। गैंग के सदस्य हैरी बॉक्सर ने एक ऑडियो संदेश जारी कर कहा कि कपिल शर्मा को निशाना बनाने का कारण उनके शो में सलमान खान को बुलाना है।
गैंग का आरोप है कि कपिल शर्मा ने अपने नेटफ्लिक्स शो “द ग्रेट इंडियन कपिल शो” के दूसरे सीज़न की लॉन्चिंग में सलमान खान को आमंत्रित किया, जिसके चलते यह हमला किया गया। ऑडियो में धमकी दी गई कि, “जो भी सलमान खान के साथ काम करेगा, उसे खत्म कर दिया जाएगा। अगली बार गोलियां सीधे सीने पर मारी जाएंगी।”
गैंग ने यह भी कहा कि मुंबई में बड़े पैमाने पर हंगामा किया जाएगा और फिल्म इंडस्ट्री के कई निर्माता, निर्देशक और कलाकार उनकी हिट लिस्ट में हैं। संदेश में साफ चेतावनी दी गई—“सलमान खान के साथ काम करने वालों की मौत की जिम्मेदारी खुद उन्हीं की होगी।”





