एक हादसा, एक बदला और एक आग – ‘घाटी’ में अनुष्का शेट्टी का उग्र रूप!

साउथ सिनेमा की मशहूर अदाकारा अनुष्का शेट्टी की बहुप्रतीक्षित एक्शन-ड्रामा फिल्म ‘घाटी’ का ट्रेलर आखिरकार रिलीज हो गया है। यह फिल्म 5 सितंबर 2025 को सिनेमाघरों में दस्तक देने जा रही है। फिल्म का निर्देशन कृष जगरलामुदी ने किया है, जो इससे पहले ‘वेदम’ जैसी सफल फिल्म में अनुष्का के साथ काम कर चुके हैं।
फिल्म ‘घाटी’ के ट्रेलर में अनुष्का शेट्टी एक उग्र और साहसी महिला के किरदार में नजर आ रही हैं। शुरुआत में वह एक शांत और प्रेमभरी साथी के रूप में दिखाई देती हैं, लेकिन जल्द ही उनके जीवन में ऐसा हादसा होता है जो उन्हें एक मजबूत और बदले की आग में जलती महिला में बदल देता है। फिल्म की कहानी मादक पदार्थों की तस्करी की काली दुनिया और उससे टकराने वाली एक औरत की जंग के इर्द-गिर्द घूमती है।
फिल्म के निर्माताओं ने ट्रेलर के साथ एक नया पोस्टर भी सोशल मीडिया पर साझा किया है। कैप्शन में लिखा गया, “घाटी की एक आवाज है। यह दहाड़ती है। यह विद्रोह करती है। यह गूंजती है। ‘घाटी’ खून, पसीने और पत्थर से गढ़ी गई एक कहानी है। ट्रेलर अब जारी हो चुका है।” ‘घाटी’ के ट्रेलर में खूबसूरत लेकिन खतरनाक पहाड़ों और घाटियों को दमदार तरीके से फिल्माया गया है। सिनेमैटोग्राफर मनोज रेड्डी कटासानी ने ट्रेलर के दृश्यात्मक पहलुओं को बेहद प्रभावशाली बनाया है। वहीं नागवेल्ली विद्या सागर का संगीत फिल्म की भावनाओं को गहराई देता है और हर दृश्य को भावुकता से जोड़ता है।
‘घाटी’ का निर्माण यूवी क्रिएशन्स के बैनर तले राजीव रेड्डी और साई बाबू जगरलामुडी द्वारा किया गया है। यह फिल्म तेलुगु, तमिल, कन्नड़, मलयालम और हिंदी भाषा में रिलीज की जाएगी। अनुष्का शेट्टी को इससे पहले ‘मिस शेट्टी मिस्टर पॉलीशेट्टी’ (2023) में देखा गया था, जो एक हल्की-फुल्की रोमांटिक कॉमेडी थी। एक्शन-ड्रामा और इमोशंस से भरपूर ‘घाटी’ के जरिए अनुष्का शेट्टी एक बार फिर बड़े पर्दे पर दमदार वापसी करने जा रही हैं। दर्शकों को अब 5 सितंबर का बेसब्री से इंतजार है।





