127 साल बाद भारत लौटी भगवान बुद्ध की पवित्र अस्थियां, पीएम मोदी बोले – हर भारतीय के लिए गर्व की बात

भगवान बुद्ध की पवित्र पिपरहवा अस्थियां 127 वर्षों के लंबे अंतराल के बाद भारत लौट आई हैं। इस ऐतिहासिक वापसी की जानकारी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को दी। उन्होंने इसे हर भारतीय के लिए गर्व का विषय बताया और कहा कि ये अस्थियां भारत और भगवान बुद्ध के बीच गहरे ऐतिहासिक और आध्यात्मिक संबंधों का प्रतीक हैं।
प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (पूर्व ट्विटर) पर लिखा, “हर भारतीय को गर्व होगा कि भगवान बुद्ध की पवित्र पिपरहवा अस्थियां 127 साल बाद फिर भारत लौट आई हैं। यह हमारी समृद्ध संस्कृति के संरक्षण और सम्मान के प्रति हमारी प्रतिबद्धता को दर्शाता है।” गौरतलब है कि उत्तर प्रदेश के सिद्धार्थनगर जिले में स्थित पिपरहवा एक ऐतिहासिक स्थल है, जहां वर्ष 1898 में खुदाई के दौरान भगवान बुद्ध की ये पवित्र अस्थियां प्राप्त हुई थीं। उस समय भारत ब्रिटिश शासन के अधीन था और ये अस्थियां विदेश ले जाई गई थीं।
प्रधानमंत्री ने जानकारी दी कि ये अस्थियां इस वर्ष की शुरुआत में एक अंतरराष्ट्रीय नीलामी में सामने आईं, जिसके बाद भारत सरकार ने तत्काल प्रयास करते हुए इन्हें वापस लाने में सफलता हासिल की। पीएम मोदी ने इस प्रयास में शामिल सभी व्यक्तियों और संस्थाओं का आभार व्यक्त किया और कहा कि यह पहल सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण का उदाहरण है। साथ ही, यह भारत द्वारा भगवान बुद्ध की शिक्षाओं और बौद्ध परंपरा के प्रति गहरी आस्था और सम्मान को भी दर्शाता है।
यह कदम ऐसे समय में आया है जब विश्वभर में बौद्ध विरासत और भारत के ऐतिहासिक योगदान को लेकर जागरूकता लगातार बढ़ रही है।





