दिल्ली एयरपोर्ट पर एयर इंडिया के विमान में आग, सभी यात्री सुरक्षित

दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर मंगलवार को एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। हांगकांग से आई एयर इंडिया की फ्लाइट नंबर AI-315 में लैंडिंग के तुरंत बाद आग लग गई। विमान की सहायक विद्युत इकाई (APU) में यह आग लगी। राहत की बात यह रही कि इस घटना में विमान में सवार सभी यात्री और चालक दल के सदस्य पूरी तरह सुरक्षित हैं।
एयरपोर्ट अथॉरिटी द्वारा जारी बयान के अनुसार, एयर इंडिया का यह विमान जब दिल्ली एयरपोर्ट पर लैंड हुआ, उसी दौरान उसकी सहायक पावर यूनिट (APU) में अचानक आग लग गई। यह घटना तब हुई जब विमान से यात्री उतरना शुरू ही कर रहे थे। APU सिस्टम लैंडिंग के तुरंत बाद ऑटोमैटिक रूप से बंद हो चुका था, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
एयर इंडिया के प्रवक्ता ने बताया कि आग लगने के बाद सभी यात्रियों और चालक दल को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है। हालांकि, विमान को आंशिक नुकसान पहुंचा है। सुरक्षा कारणों से विमान को फिलहाल एयरपोर्ट पर रोक दिया गया है और विस्तृत जांच की जा रही है। घटना की जानकारी नागरिक उड्डयन सुरक्षा नियामक संस्था DGCA को दे दी गई है और संबंधित टीमें जांच में जुट गई हैं। इस हादसे के बाद एयरपोर्ट और एयरलाइन दोनों ने सतर्कता बढ़ा दी है।
गौरतलब है कि इसी दिन एयर इंडिया ने बयान जारी कर जानकारी दी थी कि उसने अपने बोइंग 787 और 737 विमानों के फ्यूल कंट्रोल स्विच के लॉकिंग सिस्टम की एहतियाती जांच पूरी कर ली है। इससे पहले DGCA ने निर्देश जारी कर 21 जुलाई तक सभी विमानों की जांच करने को कहा था। दरअसल, अहमदाबाद में हुई एक अन्य विमान जांच के बाद विमान दुर्घटना जांच ब्यूरो (AAIB) की शुरुआती रिपोर्ट में कहा गया था कि हादसे से पहले विमान का फ्यूल स्विच बंद किया गया था। इसी रिपोर्ट के बाद एयर इंडिया को अपने पूरे बेड़े की जांच के निर्देश दिए गए थे।
फिलहाल दिल्ली एयरपोर्ट की यह घटना किसी बड़ी दुर्घटना में नहीं बदली, लेकिन इसने एयरलाइन और सुरक्षा एजेंसियों के लिए सतर्कता का एक और संकेत जरूर दे दिया है।





