मनोरंजन

‘अवतार 3’ में आएगा बड़ा ट्विस्ट, वरंग की एंट्री से बदलेगी पेंडोरा की कहानी

हॉलीवुड की मशहूर फिल्म सीरीज़ ‘अवतार’ के तीसरे पार्ट का इंतजार कर रहे दर्शकों के लिए एक बड़ी खबर सामने आई है। जेम्स कैमरून के निर्देशन में बनी इस फ्रेंचाइजी की तीसरी फिल्म ‘अवतार: फायर एंड ऐश’ का नया पोस्टर रिलीज कर दिया गया है। इसके साथ ही फिल्म की रिलीज डेट और ट्रेलर से जुड़ी अहम जानकारी भी साझा की गई है।

‘अवतार’ सीरीज़ के पहले दो भागों ने दुनियाभर में जबरदस्त सफलता हासिल की थी। अब इसका तीसरा पार्ट ‘अवतार: फायर एंड ऐश’ 19 दिसंबर 2025 को सिनेमाघरों में रिलीज होगा। फिल्म का ट्रेलर 25 जुलाई को मार्वल की अपकमिंग फिल्म ‘द फैंटास्टिक फोर: फर्स्ट स्टेप्स’ के साथ सिनेमाघरों में दिखाया जाएगा। फिल्म के नए पोस्टर में मुख्य आकर्षण बनी हैं फिल्म की नई विलेन वरंग, जिसका किरदार अभिनेत्री ऊना चैपलिन निभा रही हैं। मेकर्स ने वरंग को मंगक्वान कबीले यानी ऐश पीपल की नेता बताया है। यह कबीला पेंडोरा के ज्वालामुखी क्षेत्र में रहता है और वरंग का किरदार कहानी में एक नया और दिलचस्प मोड़ लाने वाला है।


एक इंटरव्यू में निर्देशक जेम्स कैमरून ने वरंग के बारे में बात करते हुए कहा कि वह एक ऐसी नेता हैं जिन्होंने कठिन हालातों में जीवन बिताया है, जिसकी वजह से वह काफी कठोर बन गई हैं। वह अपने लोगों की रक्षा के लिए किसी भी हद तक जा सकती हैं, चाहे वह नैतिक रूप से सही हो या नहीं। कैमरून ने यह भी संकेत दिया कि तीसरे भाग में कहानी पहले से अधिक जटिल और भावनात्मक होगी। अब यह सिर्फ ‘इंसान बुरे हैं और नावी अच्छे’ की सीधी सोच तक सीमित नहीं रहेगी।

नए पोस्टर और विलेन के खुलासे के बाद से ‘अवतार: फायर एंड ऐश’ को लेकर दर्शकों की उत्सुकता और भी बढ़ गई है। पेंडोरा की दुनिया में एक नए और शक्तिशाली दुश्मन की एंट्री इस फिल्म को और भी रोमांचक बना सकती है। अब सबकी निगाहें 25 जुलाई को रिलीज होने वाले ट्रेलर पर टिकी हैं, जो फिल्म की झलक दिखाने वाला पहला बड़ा मौका होगा।

Show More

न्यूज़ मोबाइल ब्यूरो

"न्यूज़ मोबाइल हिंदी" एक डिजिटल न्यूज़ प्लेटफ़ॉर्म है जो पाठकों को ताज़ा ख़बरें, गहन विश्लेषण और अपडेट सरल हिंदी में उपलब्ध कराता है। यह राजनीति, खेल, तकनीक, मनोरंजन और बिज़नेस जैसे विषयों पर समाचार प्रस्तुत करता है। साथ ही, इसमें फ़ैक्ट चेक (Fact Check) सेक्शन भी है, जिसके ज़रिए झूठी या भ्रामक ख़बरों की सच्चाई सामने लाकर पाठकों को विश्वसनीय और सही जानकारी दी जाती है। इसका मक़सद है—समाचारों के बीच तथ्य और अफ़वाह में स्पष्ट अंतर दिखाना।
Back to top button