भारत

भारी बारिश की वजह से अमरनाथ यात्रा स्थगित, कल फिर से शुरू होने की उम्मीद

जम्मू-कश्मीर में पिछले 36 घंटों से हो रही लगातार भारी बारिश के चलते अमरनाथ यात्रा को गुरुवार को अस्थायी रूप से रोक दिया गया है। मौसम विभाग ने आने वाले समय में भी कुछ इलाकों में और बारिश की चेतावनी जारी की है। अधिकारियों के मुताबिक, गांदरबल जिले में यात्रा के बालटाल मार्ग पर भूस्खलन के कारण एक महिला तीर्थयात्री की मौत हो गई और तीन अन्य घायल हो गए। इसके बाद सुरक्षा को देखते हुए यात्रा पर रोक लगाई गई।

कश्मीर के संभागीय आयुक्त विजय कुमार भिदुरी ने जानकारी दी कि, “पहलगाम और बालटाल, दोनों ही आधार शिविरों से अमरनाथ यात्रा 17 जुलाई तक स्थगित कर दी गई है। पिछले दो दिन से लगातार हो रही बारिश की वजह से रास्तों को नुकसान पहुंचा है और पटरियों की मरम्मत जरूरी हो गई है।” हालांकि, उन्होंने यह भी बताया कि पंजतरणी शिविर में रुके हुए यात्रियों को बीआरओ (सीमा सड़क संगठन) और पर्वतीय बचाव दलों की निगरानी में बालटाल जाने की इजाजत दी जा रही है।

भिदुरी ने कहा कि बीआरओ ने मरम्मत कार्य में तेजी लाने के लिए भारी संख्या में मशीनें और कर्मचारी तैनात किए हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि अगर शुक्रवार को मौसम साफ रहा, तो यात्रा को फिर से शुरू कर दिया जाएगा। एक अन्य अधिकारी ने बताया कि दो दिन का मौसम अलर्ट जारी किया गया है, जिसमें कश्मीर के पहाड़ी क्षेत्रों में भारी बारिश की आशंका जताई गई है। इस साल यह पहली बार है जब जम्मू से अमरनाथ यात्रा रोकी गई है।

यात्रियों से अपील की गई है कि वे प्रशासन के निर्देशों का पालन करें और मौसम की स्थिति को ध्यान में रखते हुए ही यात्रा की योजना बनाएं।

Show More

न्यूज़ मोबाइल ब्यूरो

"न्यूज़ मोबाइल हिंदी" एक डिजिटल न्यूज़ प्लेटफ़ॉर्म है जो पाठकों को ताज़ा ख़बरें, गहन विश्लेषण और अपडेट सरल हिंदी में उपलब्ध कराता है। यह राजनीति, खेल, तकनीक, मनोरंजन और बिज़नेस जैसे विषयों पर समाचार प्रस्तुत करता है। साथ ही, इसमें फ़ैक्ट चेक (Fact Check) सेक्शन भी है, जिसके ज़रिए झूठी या भ्रामक ख़बरों की सच्चाई सामने लाकर पाठकों को विश्वसनीय और सही जानकारी दी जाती है। इसका मक़सद है—समाचारों के बीच तथ्य और अफ़वाह में स्पष्ट अंतर दिखाना।
Back to top button