मनोरंजन

‘बाहुबली: द एपिक’ 31 अक्टूबर 2025 को दुनियाभर में होगी रिलीज

साउथ सिनेमा की सबसे बड़ी ब्लॉकबस्टर फिल्मों में से एक, ‘बाहुबली: द बिगनिंग’ को रिलीज हुए आज 10 साल पूरे हो गए हैं। प्रभास स्टारर इस फिल्म ने 10 जुलाई 2015 को बड़े पर्दे पर दस्तक दी थी और न सिर्फ भारत बल्कि दुनियाभर में शानदार कमाई करते हुए खुद को सबसे सफल फिल्मों की सूची में शामिल किया था। इस खास मौके पर मेकर्स ने दर्शकों के लिए एक खास सरप्राइज का ऐलान किया है।

फिल्म के आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट से जानकारी दी गई है कि ‘बाहुबली’ और ‘बाहुबली 2’ को एक साथ सिनेमाघरों में फिर से रिलीज किया जाएगा। इस ग्रैंड री-रिलीज को ‘बाहुबली: द एपिक’ नाम दिया गया है, जो एक महाकाव्य संस्करण के रूप में दोनों फिल्मों को एक साथ पेश करेगा। यह विशेष संस्करण 31 अक्टूबर 2025 को दुनिया भर के सिनेमाघरों में रिलीज होगा।

पोस्ट में लिखा गया, “10 साल पहले एक सवाल ने पूरे देश को एक कर दिया था… अब वही सवाल और उसका जवाब लौट रहे हैं — एक साथ, एक भव्य सिनेमाई अनुभव में।” ‘बाहुबली: द एपिक’ सिर्फ एक री-रिलीज नहीं है, बल्कि यह बाहुबली की कहानी को नए अंदाज में परदे पर जीवित करने की कोशिश है। इसका उद्देश्य आज की नई पीढ़ी को उस सिनेमाई जादू से परिचित कराना है, जिसने एक दशक पहले भारतीय फिल्म इतिहास में नई परिभाषा लिखी थी।

 

View this post on Instagram

 

A post shared by Baahubali (@baahubalimovie)


फिल्म के निर्देशक एस.एस. राजामौली ने इस अवसर पर एक भावुक सोशल मीडिया पोस्ट लिखी। उन्होंने कहा, “बाहुबली… कई यात्राओं की शुरुआत, अनगिनत यादें और अंतहीन प्रेरणा। 10 साल पूरे हो चुके हैं और इसे खास बनाने के लिए हम लेकर आ रहे हैं ‘बाहुबली: द एपिक’।”

‘बाहुबली’ ने न सिर्फ बॉक्स ऑफिस पर धूम मचाई, बल्कि इसे कई राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय पुरस्कारों से भी नवाजा गया। फिल्म को राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार में सर्वश्रेष्ठ फीचर फिल्म और सर्वश्रेष्ठ स्पेशल इफेक्ट्स जैसे अहम अवॉर्ड्स मिले थे। यह आज भी तेलुगु सिनेमा की छठी सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्म है। वहीं, इसका हिंदी डब वर्जन अब तक की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली डब फिल्म का रिकॉर्ड आज भी कायम रखे हुए है।

‘बाहुबली: द एपिक’ की री-रिलीज फैंस के लिए एक खास तोहफा है। यह सिर्फ एक फिल्म नहीं, बल्कि एक ऐतिहासिक अनुभव है, जिसे फिर से बड़े पर्दे पर देखना हर सिनेप्रेमी के लिए यादगार साबित होगा।

Show More

न्यूज़ मोबाइल ब्यूरो

"न्यूज़ मोबाइल हिंदी" एक डिजिटल न्यूज़ प्लेटफ़ॉर्म है जो पाठकों को ताज़ा ख़बरें, गहन विश्लेषण और अपडेट सरल हिंदी में उपलब्ध कराता है। यह राजनीति, खेल, तकनीक, मनोरंजन और बिज़नेस जैसे विषयों पर समाचार प्रस्तुत करता है। साथ ही, इसमें फ़ैक्ट चेक (Fact Check) सेक्शन भी है, जिसके ज़रिए झूठी या भ्रामक ख़बरों की सच्चाई सामने लाकर पाठकों को विश्वसनीय और सही जानकारी दी जाती है। इसका मक़सद है—समाचारों के बीच तथ्य और अफ़वाह में स्पष्ट अंतर दिखाना।
Back to top button