पूर्वोत्तर से दक्षिण भारत तक भारी बारिश का अलर्ट, तेज हवाओं का भी खतरा

देशभर में दक्षिण-पश्चिम मानसून एक बार फिर रफ्तार पकड़ चुका है। केरल में समय से एक हफ्ते पहले दस्तक देने के बाद कुछ दिनों तक सुस्त रहने के बाद अब मानसून उत्तर भारत की ओर तेजी से बढ़ रहा है। बुधवार को मानसून ने उत्तर प्रदेश और राजस्थान में भी दस्तक दे दी। इसके साथ ही पूर्वोत्तर, पूर्वी, पश्चिमी, मध्य और दक्षिण भारत के 20 से अधिक राज्यों में झमाझम बारिश हो रही है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) के मुताबिक, अगले दो से पांच दिनों तक कई राज्यों में भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है। केरल से लेकर पश्चिम बंगाल और असम से ओडिशा तक बारिश का सिलसिला तेज रहने वाला है। पूर्वोत्तर राज्यों में विशेष रूप से भारी बारिश की आशंका जताई गई है।
उत्तर प्रदेश के बलिया, मऊ, गाजीपुर और सोनभद्र समेत कई जिलों में मानसून पांच दिन की देरी से पहुंचा है। दूसरी ओर, राजस्थान में यह तय समय से एक हफ्ता पहले ही दस्तक दे चुका है। दोनों राज्यों में भारी बारिश हो रही है, जो आने वाले दो-तीन दिन और जारी रह सकती है। मानसून अब उत्तरी अरब सागर, गुजरात, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, झारखंड और बिहार के कई हिस्सों में भी फैल गया है।
झारखंड की राजधानी रांची में भारी बारिश के चलते गुरुवार को स्कूल बंद रखने का आदेश दिया गया है। वहीं, पश्चिम बंगाल के ऊपर बना निम्न दबाव का क्षेत्र भी भारी बारिश का संकेत दे रहा है। रांची एयरपोर्ट पर खराब मौसम की वजह से बुधवार को चार उड़ानें रद्द कर दी गईं, जिनमें एयर इंडिया एक्सप्रेस की दिल्ली-रांची-दिल्ली उड़ान और इंडिगो की तीन उड़ानें शामिल थीं।
हिमाचल प्रदेश में अगले दो-तीन दिनों में मानसून के पहुंचने की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने शुक्रवार के लिए यलो अलर्ट और शनिवार व रविवार को भारी से बहुत भारी बारिश के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। राज्य सरकार ने आपदा प्रबंधन के लिए तैयारी शुरू कर दी है। गुजरात और बिहार में भारी बारिश के कारण जानमाल का नुकसान हुआ है। गुजरात के बोटाड जिले में एक कार उफनती नदी में बह गई, जिसमें चार लोगों की मौत हो गई जबकि अन्य लापता हैं। वहीं बिहार में बिजली गिरने से 12 लोगों की मौत हो गई। मृतकों में बक्सर, पश्चिमी चंपारण, कटिहार, कैमूर, लखीसराय और सीतामढ़ी जिलों के लोग शामिल हैं।
भारी बारिश के बाद पंजाब और हरियाणा में तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। लुधियाना, पटियाला, फतेहगढ़ साहिब, होशियारपुर और रूपनगर में भारी बारिश हुई, जबकि हरियाणा के अंबाला, हिसार, नारनौल, गुरुग्राम, सिरसा और नूंह में भी अच्छी बारिश हुई। चंडीगढ़ में हल्की बारिश के बाद अधिकतम तापमान 31 से 34 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया, जो पिछले हफ्ते तक 40 डिग्री के पार था।
देश के अधिकांश हिस्सों में मानसून सक्रिय हो चुका है और इसका असर जनजीवन पर भी दिख रहा है। बारिश राहत के साथ-साथ चुनौती भी बनती जा रही है। मौसम विभाग लगातार अलर्ट जारी कर रहा है और राज्य सरकारें तैयारियों में जुट गई हैं। आने वाले दिनों में सतर्कता और सावधानी बेहद जरूरी है।





