भारत

मानसून की रफ्तार तेज, मुंबई से लेकर केरल तक बारिश का कहर, 18 राज्यों में अलर्ट जारी

कुछ दिन के ठहराव के बाद दक्षिण-पश्चिम मानसून ने दोबारा रफ्तार पकड़ ली है। सोमवार को यह दक्षिण-पश्चिम मध्य प्रदेश तक पहुंच गया। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के मुताबिक, पूर्वी उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, छत्तीसगढ़, ओडिशा और गुजरात समेत मध्य प्रदेश के अन्य हिस्सों में भी मानसून के आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां अनुकूल बनी हुई हैं। फिलहाल देश के पश्चिमी हिमालयी राज्यों से लेकर मुंबई, केरल और अरुणाचल प्रदेश तक मानसूनी बारिश हो रही है। मुंबई और केरल के कई इलाके बारिश से जलमग्न हो गए हैं, जिससे जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है।

मौसम विभाग ने अगले दो दिनों के लिए भारी बारिश की चेतावनी दी है। 17 और 18 जून को देश के विभिन्न हिस्सों में रेड, ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी किए गए हैं। गुजरात में रेड अलर्ट घोषित किया गया है, जबकि राजस्थान, मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, छत्तीसगढ़, ओडिशा, पश्चिम बंगाल, महाराष्ट्र, गोवा, तटीय कर्नाटक, केरल और पूर्वोत्तर के अधिकतर राज्यों में ऑरेंज अलर्ट जारी है। जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, तमिलनाडु, तेलंगाना और अंडमान-निकोबार समेत 12 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के लिए येलो अलर्ट घोषित किया गया है।

मायानगरी मुंबई में सोमवार को भारी बारिश के चलते कई इलाके जलमग्न हो गए। औसतन 100 मिमी तक वर्षा दर्ज की गई। इसके कारण लोकल ट्रेन, मेट्रो और सड़क यातायात प्रभावित हुआ है। हवाई सेवाएं भी बाधित रहीं। घाटकोपर-अंधेरी-वर्सोवा मेट्रो लाइन पर प्लास्टिक शीट गिरने से मेट्रो सेवा भी रुकी रही। समुद्र में ऊंची लहरों को लेकर चेतावनी जारी की गई है। महानगर में 1 जून के बाद से वर्षा संबंधी घटनाओं में अब तक 18 लोगों की जान जा चुकी है।

उत्तरी केरल के कन्नूर और कासरगोड जिलों में भारी बारिश और बाढ़ की स्थिति बनी हुई है। नदियों का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है और कई जलाशय लबालब भर चुके हैं। कई इलाकों में बाढ़ का पानी घरों में घुस गया है, जिससे लोगों को राहत शिविरों में पनाह लेनी पड़ी है। तेजस्विनी और पूझा जैसी नदियां उफान पर हैं। अधिकारियों ने लोगों से जलाशयों और नदियों के पास न जाने की अपील की है। बारिश के चलते सड़क और रेल सेवाएं बुरी तरह प्रभावित हुई हैं।

आईएमडी ने बताया कि मानसून के सक्रिय होने से इस हफ्ते पूरे मध्य भारत में बारिश की संभावना है, जिससे लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिलेगी। अगले चार से पांच दिनों में अधिकतम तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आने की उम्मीद जताई गई है। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, मानसून ने अपनी रफ्तार पकड़ ली है और अब इसके अगले 10 दिनों में पश्चिमी तट, मध्य और उत्तर भारत के हिस्सों में पहुंचने की संभावना है। इससे देशभर में वर्षा का दायरा और प्रभाव और अधिक बढ़ेगा।

देश में मानसून अब तेज गति से आगे बढ़ रहा है और अगले कुछ दिनों तक बारिश का सिलसिला जारी रहने की उम्मीद है। इससे जहां लोगों को गर्मी से राहत मिलेगी, वहीं कई राज्यों में बाढ़ और जलभराव जैसी समस्याएं भी उत्पन्न हो सकती हैं। नागरिकों को मौसम विभाग की चेतावनियों का पालन करने और सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

Show More

न्यूज़ मोबाइल ब्यूरो

"न्यूज़ मोबाइल हिंदी" एक डिजिटल न्यूज़ प्लेटफ़ॉर्म है जो पाठकों को ताज़ा ख़बरें, गहन विश्लेषण और अपडेट सरल हिंदी में उपलब्ध कराता है। यह राजनीति, खेल, तकनीक, मनोरंजन और बिज़नेस जैसे विषयों पर समाचार प्रस्तुत करता है। साथ ही, इसमें फ़ैक्ट चेक (Fact Check) सेक्शन भी है, जिसके ज़रिए झूठी या भ्रामक ख़बरों की सच्चाई सामने लाकर पाठकों को विश्वसनीय और सही जानकारी दी जाती है। इसका मक़सद है—समाचारों के बीच तथ्य और अफ़वाह में स्पष्ट अंतर दिखाना।
Back to top button