RBI ने एक बार फिर रेपो रेट में की कटौती, 50 बेसिस प्वॉइंट्स कटौती के साथ आपकी EMI पर पड़ेगा असर

भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) की मौद्रिक नीति समिति (MPC) ने आज बड़ा फैसला लिया है. RBI गवर्नर संजय मल्होत्रा ने एक बार फिर रेपो रेट में 50 बेसिस प्वाइंट यानी 0.50 फीसदी की कटौती का ऐलान किया है. बता दें कि यह इस साल लगातार तीसरी बार हुआ है जब RBI ने रेपो रेट घटाया है. अब रेपो रेट 5.50% पर आ गया है.
साल 2025 की शुरुआत से अब तक कुल 100 बेसिस प्वाइंट की कटौती की जा चुकी है. फरवरी में 0.25% और अप्रैल में 0.25% कटौती के बाद, जून में यह सबसे बड़ी कटौती मानी जा रही है.
रेपो रेट में कटौती से लोन की EMI घटेगी
RBI का यह फैसला सीधा आपके बजट से जुड़ा है क्योंकि इसके बाद बैंकों की ब्याज दरों में बदलाव हो सकता है, जिससे आपकी EMI घट सकती है. अगर आपने फ्लोटिंग रेट पर लोन लिया है, तो इस कटौती का असर कुछ ही हफ्तों में आपकी EMI पर दिख सकता है. वहीं, फिक्स्ड रेट वाले लोन पर यह असर नहीं दिखेगा.
गवर्नर संजय मल्होत्रा ने यह भी कहा कि वित्त वर्ष 2026 के लिए महंगाई अनुमान को घटाकर 3.7 फीसदी कर दिया गया है, जो पहले 4 फीसदी था. उन्होंने कहा कि खुदरा महंगाई तेजी से घटी है और अप्रैल में यह गिरकर 3.16% पर पहुंच गई, जो पिछले छह साल में सबसे निचला स्तर है.
If you want to fact-check any story, WhatsApp it now on +91 11 7127 9799 or Click Here





