भारत-पाक तनाव के बीच I&B मंत्रालय का बड़ा कदम, पाकिस्तानी कंटेंट पर रोक

भारत और पाकिस्तान के बीच चल रहे तनाव के बीच, सूचना और प्रसारण मंत्रालय (I&B Ministry) ने बड़ा फैसला लेते हुए सोशल मीडिया, ओटीटी और स्ट्रीमिंग प्लेटफॉर्म्स को पाकिस्तान से जुड़े किसी भी प्रकार के कंटेंट को हटाने का आदेश दिया है। 8 मई को जारी एक एडवाइजरी में मंत्रालय ने कहा कि सभी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स, ओटीटी और स्ट्रीमिंग सेवाओं को तुरंत प्रभाव से ऐसे कंटेंट को हटाना होगा जो पाकिस्तान से जुड़े हों। इसमें वेब सीरीज, फिल्में, गाने, पॉडकास्ट और अन्य डिजिटल सामग्री शामिल हैं, चाहे वे फ्री में उपलब्ध हों या सब्सक्रिप्शन के तहत।
मंत्रालय ने कहा कि यह फैसला देश की राष्ट्रीय सुरक्षा और एकता को ध्यान में रखते हुए लिया गया है। एडवाइजरी में यह भी बताया गया कि पाकिस्तान से जुड़े कई कंटेंट भारत की सुरक्षा और सामाजिक सौहार्द को नुकसान पहुंचा सकते हैं।
एडवाइजरी में खासतौर पर 22 अप्रैल 2025 को हुए पाहलगाम आतंकी हमले का जिक्र किया गया है, जिसमें कई भारतीय और एक नेपाली नागरिक की जान गई थी। मंत्रालय ने इस हमले के पीछे पाकिस्तान स्थित आतंकियों का हाथ बताया।
I&B मंत्रालय ने 2021 के सूचना प्रौद्योगिकी नियमों (Information Technology Rules) के भाग III और भाग II के नियम 3(1)(b) का हवाला देते हुए कहा कि कोई भी ऐसा कंटेंट जो भारत की एकता, अखंडता, सुरक्षा या विदेशी देशों से मित्रता को नुकसान पहुंचाए, उसे हटाया जाना जरूरी है।
सरकार का यह फैसला डिजिटल प्लेटफॉर्म्स पर बढ़ते विदेशी प्रभावों पर लगाम लगाने और देश की सुरक्षा को प्राथमिकता देने की दिशा में एक अहम कदम माना जा रहा है। आने वाले दिनों में इसका सीधा असर ओटीटी पर दिखने को मिल सकता है।





