यूपीआई फिर हुआ डाउन, लाखों यूजर्स और व्यापारियों को भुगतनी पड़ी परेशानी

शनिवार सुबह एक बार फिर भारत में यूनिफाइड पेमेंट्स इंटरफेस (UPI) सेवा ठप हो गई, जिससे लाखों यूजर्स और व्यापारियों को डिजिटल भुगतान में परेशानी का सामना करना पड़ा। PhonePe, Google Pay और Paytm जैसे प्रमुख डिजिटल पेमेंट प्लेटफॉर्म्स पर लेन-देन संभव नहीं रहा, जिससे आम लोगों की रोजमर्रा की खरीदारी और व्यापारिक लेनदेन प्रभावित हुए।
DownDetector के मुताबिक, दोपहर तक UPI से संबंधित कुल 1,168 शिकायतें दर्ज की गईं। इनमें से Google Pay पर 96, जबकि Paytm पर 23 यूजर्स ने तकनीकी दिक्कत की सूचना दी। हालांकि, अभी तक UPI या नेशनल पेमेंट्स कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया (NPCI) की ओर से इस डाउनटाइम पर कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।
यह पहली बार नहीं है जब UPI सेवा बाधित हुई है। इससे पहले 26 मार्च को भी देशभर में UPI यूजर्स को दो से तीन घंटे तक पेमेंट करने में कठिनाई हुई थी। उस समय NPCI ने इस बाधा के पीछे तकनीकी खामी को कारण बताया था।
बढ़ती डिजिटल निर्भरता के इस दौर में UPI जैसी सेवा का बार-बार ठप होना, देश की फिनटेक इंफ्रास्ट्रक्चर पर सवाल खड़े कर रहा है। आम जनता और व्यापारियों की मांग है कि संबंधित एजेंसियां जल्द से जल्द स्थायी समाधान की दिशा में कदम उठाएं, ताकि ऐसी समस्याओं की पुनरावृत्ति न हो।





