विजय राज की नई फिल्म ‘ज्ञानवापी फाइल्स’ का पहला पोस्टर जारी

दर्जी कन्हैया लाल की निर्मम हत्या पर आधारित फिल्म ‘ज्ञानवापी फाइल्स: ए टेलर मर्डर स्टोरी’ रिलीज के लिए तैयार है। इस फिल्म में मशहूर बॉलीवुड अभिनेता विजय राज मुख्य भूमिका निभा रहे हैं। फिल्म का पहला आधिकारिक पोस्टर आज जारी किया गया, जिससे इस चर्चित प्रोजेक्ट की औपचारिक शुरुआत हुई। साथ ही, विजय राज का फिल्म से पहला लुक भी दर्शकों के सामने आया।
फिल्म निर्माताओं ने इसकी रिलीज डेट का भी ऐलान कर दिया है। यह फिल्म 27 जून 2025 को सिनेमाघरों में दस्तक देगी। इसकी आधिकारिक घोषणा आज 2 अप्रैल 2025 को सोशल मीडिया पर की गई। फिल्म के पहले पोस्टर के साथ कैप्शन दिया गया, ‘उस कहानी के गवाह बनें, जिसे बताया जाना चाहिए। ‘ज्ञानवापी फाइल्स: ए टेलर मर्डर स्टोरी’ 27 जून को सिनेमाघरों में।’
View this post on Instagram
फिल्म की संवेदनशील विषयवस्तु के चलते इसकी घोषणा के बाद से ही इस पर बहस छिड़ गई है। हालांकि, निर्माताओं ने अभी तक इसकी कहानी को लेकर ज्यादा जानकारी साझा नहीं की है, लेकिन उम्मीद की जा रही है कि यह फिल्म कन्हैया लाल की हत्या और उसके बाद की घटनाओं को विस्तार से दिखाएगी।
जून 2022 में उदयपुर में दर्जी कन्हैया लाल की दो हमलावरों ने दिनदहाड़े सिर काटकर हत्या कर दी थी। बाद में, हमलावरों ने हत्या को लेकर एक वीडियो जारी किया था, जिसमें उन्होंने स्वीकार किया कि यह हत्या नूपुर शर्मा के समर्थन में सोशल मीडिया पर पोस्ट करने का बदला थी।
भाजपा की पूर्व प्रवक्ता नूपुर शर्मा ने पैगंबर मुहम्मद पर टिप्पणी की थी, जिसके चलते देशभर में विरोध प्रदर्शन हुए थे। इस विवाद ने व्यापक सामाजिक और राजनीतिक प्रतिक्रिया को जन्म दिया था।
अब, ‘ज्ञानवापी फाइल्स’ इस दर्दनाक घटना को बड़े पर्दे पर लाने के लिए तैयार है। देखना होगा कि यह फिल्म दर्शकों पर क्या प्रभाव डालती है।





