हॉलीवुड अभिनेता वैल किल्मर का 65 वर्ष की उम्र में निधन

हॉलीवुड से एक दुखद खबर सामने आई है। ‘बैटमैन फॉरएवर’ और ‘टॉप गन’ जैसी मशहूर फिल्मों में अभिनय कर लोकप्रियता हासिल करने वाले प्रसिद्ध अभिनेता वैल किल्मर का 65 वर्ष की उम्र में निधन हो गया। उनके निधन की खबर से परिवार, मित्र और प्रशंसक गहरे सदमे में हैं।
वैल किल्मर का निधन 1 अप्रैल की रात लॉस एंजेलिस में हुआ। उनके निधन की पुष्टि उनकी बेटी मर्सिडीज किल्मर ने की। बताया जा रहा है कि वे निमोनिया से ग्रसित थे, जिसकी वजह से उन्होंने दुनिया को अलविदा कह दिया।
किल्मर को 2014 में गले के कैंसर का पता चला था, लेकिन उन्होंने इस गंभीर बीमारी को मात दे दी थी। हालांकि, हाल के दिनों में उनकी तबीयत बिगड़ने लगी थी, और अंततः निमोनिया के चलते उनका निधन हो गया।
31 दिसंबर 1959 को लॉस एंजेलिस में जन्मे वैल किल्मर ने अपने करियर की शुरुआत 1984 में फिल्म ‘टॉप सीक्रेट’ से की थी। इसके बाद उन्होंने ‘टॉप गन’, ‘बैटमैन फॉरएवर’, ‘विलो’, ‘द सेंट’, ‘द डोर्स’, ‘हीट’ और ‘रियल जीनियस’ जैसी कई यादगार फिल्मों में शानदार अभिनय किया। इसके अलावा, उन्होंने ‘द प्रिंस ऑफ इजिप्ट’ जैसी एनिमेटेड फिल्मों में अपनी आवाज भी दी थी।
वैल किल्मर की अभिनय प्रतिभा और करिश्माई व्यक्तित्व ने उन्हें हॉलीवुड का एक चर्चित चेहरा बना दिया था। उनकी यादें और उनका सिनेमाई योगदान सदैव प्रशंसकों के दिलों में जीवित रहेगा।





