कस्टडी विवाद के बीच मां ने ली बेटे की जान, खुदकुशी की भी कोशिश

अमेरिका के कैलिफोर्निया में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां भारतीय मूल की 48 वर्षीय महिला सरिता रामाराजू ने अपने 11 साल के बेटे की गला रेतकर हत्या कर दी। हत्या के बाद उसने खुद भी जान देने की कोशिश की।
रामाराजू ने अपने बेटे के साथ डिज्नीलैंड में तीन दिन बिताए, जिसके बाद उसे बेटे को उसके पिता के पास वापस भेजना था। लेकिन 19 मार्च को मोटल से चेक-आउट करने से पहले उसने पुलिस को फोन कर बताया कि उसने अपने बेटे की हत्या कर दी है और खुद की जान लेने के लिए गोलियां खा ली हैं।
घटना की सूचना मिलते ही सांता एना पुलिस मौके पर पहुंची, जहां बच्चे का शव होटल के कमरे में मिला। पुलिस जांच में पता चला कि बच्चे की हत्या कई घंटे पहले की गई थी।
पुलिस के मुताबिक, रामाराजू ने कुछ दिन पहले ही चाकू खरीदा था, जिसका इस्तेमाल उसने अपने बेटे की हत्या के लिए किया। घटना के बाद उसने खुद को मारने की भी कोशिश की और उसे गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया।
रामाराजू और उसके पूर्व पति प्रकाश राजू के बीच पिछले साल से बेटे की कस्टडी को लेकर विवाद चल रहा था। उसने अपने पति पर आरोप लगाया था कि वह बिना सलाह लिए बेटे की मेडिकल और स्कूल से जुड़ी अहम फैसले खुद ले रहा था। उसने यह भी दावा किया था कि उसका पति शराब का आदी है।
ऑरेंज काउंटी के जिला अटॉर्नी कार्यालय के मुताबिक, अगर रामाराजू दोषी साबित होती है, तो उसे 26 साल या आजीवन कारावास की सजा हो सकती है। फिलहाल, पुलिस इस मामले की गहराई से जांच कर रही है।





