नीदरलैंड के रक्षा मंत्री रूबेन ब्रेकेलमैन्स ने राजनाथ सिंह से की मुलाक़ात

नीदरलैंड के रक्षा मंत्री रूबेन ब्रेकेलमैन्स ने दिल्ली में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से मुलाकात की. मुलाकात से पहले दोनों नेताओं ने हाथ मिलाया और एक-दूसरे का अभिवादन किया.इस दौरान दोनों दिग्गजों ने देश की सुरक्षा से जुड़े कई अहम मुद्दों पर चर्चा की.
ब्रेकेलमैन्स रायसीना डायलॉग में भाग लेने के लिए भारत की यात्रा पर हैं, रायसीना डायलॉग 17 मार्च से नई दिल्ली में चल रहा है. रायसीना डायलॉग 2025 की मेज़बानी विदेश मंत्रालय (MEA) और ऑब्जर्वर रिसर्च फाउंडेशन (ORF) कर रहे हैं. यह भू-राजनीति और भू-अर्थशास्त्र पर भारत का प्रमुख सम्मेलन है जो वैश्विक समुदाय के सामने आने वाले सबसे चुनौतीपूर्ण मुद्दों को संबोधित करने के लिए प्रतिबद्ध है.
रायसीना डायलॉग में दुनिया भर के लगभग 130 देशों से लगभग 3,700 प्रतिभागी और 800 से अधिक वक्ता और प्रतिनिधि भाग लेंगे. प्रतिभागियों में वर्तमान और पूर्व राष्ट्राध्यक्ष, मंत्री और सांसद, राजनयिक, नीति नियोजक, सैन्य नेता, बहुपक्षीय संस्थानों के प्रमुख, व्यापार प्रमुख और प्रख्यात विचारक शामिल हैं.





