फैक्ट चेक: दो युवक के पिटाई का यह वायरल वीडियो हालिया दिनों का नहीं, जानें पूरा सच

फैक्ट चेक: दो युवक के पिटाई का यह वायरल वीडियो हालिया दिनों का नहीं, जानें पूरा सच
सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, वीडियो में कुछ लोगों को दो युवकों को जमीन पर गिराकर लाठियों से पीटते हुए देखा जा सकता है। इसी वीडियो को हालिया दिनों में शेयर कर दावा किया जा रहा है। यह वीडियो राजस्थान का है, जहां दलित युवकों का इस तरह बेरहमी से पीटा जा रहा है।
फेसबुक के वायरल वीडियो को शेयर कर हिंदी भाषा के कैप्शन में लिखा गया है कि “भारत में राजस्थान दूसरे नंबर पर आता है, दलितों पर सबसे ज्यादा अत्याचार होता है इसमें दूसरा नंबर है राजस्थान का यकीन नहीं है तो यह वीडियो पूरा देखा, यह वीडियो जातिवादी मुख्यमंत्री भजन शर्मा के राजस्थान के जिला भरतपुर का बताया जा रहा है। एक दलित युवक कुर्सी पर बैठ जाता है तो जातिवादी, जाहिल, नीच,कीड़े,आतंकवादियों को यह पसंद नहीं आता और उस शोषित पीड़ित वंचित समाज के लड़के को लाठी डंडों से पीटना शुरू कर देते हैं। जो कहते हैं जातिवाद खत्म हो गया.. तो यह क्या है”

फेसबुक के वायरल पोस्ट के आर्काइव लिंक यहाँ देखें।
फैक्ट चेक:
न्यूज़मोबाइल की पड़ताल में हमने जाना कि वायरल वीडियो हालिया दिनों का नहीं है।
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो को देखने पर हमें इसके पुराने होने की आशंका हुई। जिसके बाद हमने पड़ताल की आरम्भ की। सबसे पहले हमने वीडियो को कुछ कीफ्रेम्स में तोड़ा और फिर गूगल लेंस के माध्यम से खोजना शुरू किया। खोज के दौरान हमें वायरल वीडियो Navbharat times की वेबसाइट पर छपे एक लेख में मिला। जिसे फरवरी 23, 2021 को छापा गया था।

उपरोक्त प्राप्त लेख के मुताबिक वायरल वीडियो हालिया दिनों की घटना का नहीं बल्कि राजस्थान के भरतपुर में फरवरी 20, 2021 को हुई घटना का है। यहाँ सेवर थाना के अंतर्गत मलाह गांव के लक्ष्मण ठाकुर और उसके लोगों ने दो नाबालिग लड़कों की अपने मैरिज होम में पिटाई की थी। लेख में जानकारी दी गयी है कि दो नाबालिगों की लाठियों से पिटाई के मामले में पुलिस ने दो लोगों को गिरफ्तार किया था।
इसके बाद गूगल पर हमने बारीकी से खोजना शुरू किया। खोज के दौरान ETV भारत की वेबसाइट पर छपा एक दूसरा लेख मिला जहां वायरल वीडियो अपलोड किया गया था। बता दें कि वेबसाइट पर यह लेख फरवरी 22, 2021 को अपलोड किया गया था। लेख में बताया गया है कि भरतपुर के सेवर थाना क्षेत्र के गांव मलाह के मैरिज होम संचालक लक्ष्मण द्वारा दो नाबालिग लड़कों की पिटाई की गयी थी, जिसका बाद में वीडियो वायरल हो गया था।
लेख के आगे बताया गया है कि वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो आरोपी लक्ष्मण ठाकुर व गंगा सिंह को गिरफ्तार कर लिया था।
पड़ताल के दौरान मिले तथ्यों से हमने जाना कि दो नाबालिग युवकों को लाठियों से पिटाई वाला यह वीडियो हालिया दिनों का नहीं बल्कि फरवरी साल 2021 का है, जिसे मौजूदा दिनों में शेयर किया जा रहा था।





