तापमान में बढोतरी, कई स्थानों पर 47 डिग्री के करीब पहुंचा पारा, दिल्ली-NCR में हीटवेव की चेतावनी
नई दिल्ली: गर्मी ने प्रचंड रुप ले लिया है. मौसम लगातार गर्म हो रहा है. तापमान दिन पर दिन बढ़ता जा रहा है. वहीं लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) लगातार देश के अलग-अलग इलाकों में गर्मी को लेकर अलर्ट जारी कर रहा है. मौसम विभाग के मुताबिक अगले सात दिनों तक मौसम इसी तरह रहेगा. अगर हम बात करें की हीटवेव की वजह से मरने वाले लोगों की, तो साल 2015 से 2023 तक हीटवेव की वजह से देश में करीब 4057 लोगों की मौत हो चुकी है.
IMD के वरिष्ठ वैज्ञानिक नरेश कुमार ने कहा, “…हमारा अनुमान है कि अगले पांच दिनों में धीरे-धीरे तापमान में 2-3 डिग्री की बढोतरी होगी. पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, पश्चिमी उत्तर प्रदेश और उत्तर मध्य प्रदेश में हमने रेड अलर्ट जारी किया है. यहां पर तापमान 45 और कुछ स्थानों पर 47 डिग्री भी पहुंच सकता है.”
जयपुर मौसम विज्ञान केन्द्र निदेशक राधेश्याम शर्मा ने कहा, “पिछले 24 घंटों में इस सीजन में पहली बार राजस्थान में अधिकतम तापमान 47 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया है…पश्चिमी राजस्थान के सभी स्थानों पर अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस से ऊपर है. हीट वेव की परिस्थिति अधिकतर भागों में बनी हुई है. जैसलमेर में सबसे ज्यादा न्यूनतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया है. अगले 48 से 72 घंटों में राजस्थान के अधिकतर इलाकों में अधिकतम तापमान में और 1-2 डिग्री सेल्सियस बढ़ोतरी होगी. अगले 5 दिनों तक हीट वेव का दौर जारी रहेगा.





