गृह मंत्री अमित शाह से मिले लोक जनशक्ति पार्टी के अध्यक्ष चिराग पासवान, कहा- तस्वीरें बहुत कुछ बोलती हैं

नई दिल्ली: लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के अध्यक्ष चिराग पासवान ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे.पी. नड्डा से केंद्रीय गृह मंत्री के आवास पर मुलाकात की. इससे पहले बिहार में वर्तमान राजनीतिक स्थिति पर LJP(रामविलास) के राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान ने कहा, “हम सब यह जानना चाह रहे हैं कि बिहार में का बा? थोड़ी देर में सब पता चल जाएगा…”
बैठक के बाद लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के अध्यक्ष चिराग पासवान ने कहा, “बिहार में मौजूद स्थिति को लेकर लोक जनशक्ति पार्टी(रामविलास) की चिंताएं रही हैं… मैंने स्पष्ट किया था कि जब तक अधिकृत जानकारी नहीं आती है तब तक कोई बयान देना सही नहीं है… यह जानकारी ज़रूर प्राप्त हो रही थी कि कुछ चीज़ें हैं जिसे लेकर सुगबुगाहट हो रही थी. लोक जनशक्ति पार्टी ने अपनी तमाम चिंताओं और विषयों को रखा है, उनके द्वारा भी आश्वासन दिया गया है. आज की तारीख में परिस्थिति गठबंधन को लेकर काफी सकारात्मक है… पहले यह साफ हो जाए कि मुख्यमंत्री(नीतीश कुमार) जी इधर आ रहे हैं या नहीं, तब तक कुछ नहीं कहा जा सकता…”
चिराग पासवान ने कहा, ‘तस्वीरें बहुत कुछ बोलती हैं. मौजूदा हालात को देखते हुए कई तरह के कयास लगते हैं, लेकिन जबतक इस पर अधिकृत जानकारी नहीं आ जाती तो कुछ भी कहना ठीक नहीं था. आज जेपी नड्डा जी और अमित शाह जी से मिला. इनके द्वारा मुझे कई विषय पर आश्वत किया गया है. आने वाले दिनों में स्थिति और स्पष्ट होगी. पहले यह क्लियर हो जाए कि नीतीश कुमार इस तरफ आ रहे हैं तो पार्टी अपना रूख तय करेगी.’
चिराग पासवान ने इसके साथ ही कहा, ‘मैं आज यहां एक सहयोगी के तौर पर ही मिलने गया था और एक सहयोगी के तौर पर ही आश्वासन मिला है. मैं किसी चर्चा से परेशान नहीं हूं.’
बिहार में वर्तमान राजनीतिक स्थिति पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सी.पी. जोशी ने कहा, “बिहार में लंबे समय से उठापटक चल रही है और यह कहां तक जाती है उसका इंतजार करना पड़ेगा…INDIA गठबंधन तो एक ऐसा गठबंधन है जो बेमेल है, जो कभी एक-दूसरे की शक्ल नहीं देखते थे, बात नहीं करते थे, वो मजबूरी का गठबंधन है…”





