अटारी-वाघा सीमा के रास्ते भारत से बाहर गए 786 पाकिस्तानी

एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि 24 अप्रैल से शुरू हुए छह दिनों के भीतर अटारी-वाघा सीमा बिंदु के माध्यम से 786 पाकिस्तानी नागरिक भारत छोड़ चुके हैं. अधिकारी ने बताया कि इसी दौरान अटारी-वाघा सीमा के माध्यम से कुल 1376 भारतीय पाकिस्तान से लौटे हैं.
24 अप्रैल को सरकार ने घोषणा की थी कि पाकिस्तानी नागरिकों को 27 अप्रैल तक भारत छोड़ देना चाहिए और जिनके पास मेडिकल वीजा है, उन्हें ऐसा करने के लिए 29 अप्रैल तक का समय दिया गया है. राजनयिक, आधिकारिक और दीर्घकालिक वीजा रखने वालों को ‘भारत छोड़ो’ नोटिस से बाहर रखा गया था. अल्पकालिक वीजा की 12 श्रेणियों में से किसी भी श्रेणी के पाकिस्तानियों के लिए समय सीमा रविवार को समाप्त हो गई. जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद पाकिस्तानी नागरिकों के ठहरने पर प्रतिबंध लगा दिया गया था, जिसमें 26 पर्यटक मारे गए थे.
सरकार ने भारतीय नागरिकों को पाकिस्तान की यात्रा करने से बचने की सख्त सलाह दी है. वर्तमान में पाकिस्तान में मौजूद भारतीय नागरिकों को भी जल्द से जल्द भारत लौटने की सलाह दी गई है.
अधिकारी ने कहा, “कई लोग दुबई या अन्य मार्गों से उड़ान भरकर चले गए हैं, क्योंकि पाकिस्तान के लिए कोई सीधी उड़ान नहीं है. हमें उम्मीद है कि और अधिक पाकिस्तानी नागरिक देश छोड़कर जाएँगे, क्योंकि राज्य पुलिस और अन्य केंद्रीय एजेंसियाँ देश के विभिन्न स्थानों पर रह रहे पाकिस्तानी नागरिकों की पहचान कर रही हैं.”
If you want to fact-check any story, WhatsApp it now on +91 11 7127 9799 or Click Here





