डिजिटल अरेस्ट के नाम पर 71 वर्षीय बुजुर्ग से 4.5 लाख की ठगी, एक आरोपी गिरफ्तार

मुंबई के दहिसर में पुलिस ने डिजिटल अरेस्ट के नाम पर एक बुजुर्ग से 4.5 लाख रुपये की ठगी के मामले में 28 वर्षीय युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान कमाठीपुरा निवासी धीरज कुमार प्रजापति के रूप में हुई है।
पुलिस के मुताबिक, दहिसर ईस्ट में रहने वाले 71 वर्षीय बुजुर्ग को 2 और 3 जुलाई के बीच एक व्यक्ति का फोन आया था। कॉल करने वाले ने खुद को वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक राजेश बताया और कहा कि उनके खिलाफ मनी लॉन्ड्रिंग का मामला दर्ज हुआ है। आरोपी ने उन्हें गिरफ्तारी की धमकी भी दी।
इसके बाद बुजुर्ग को बताया गया कि उन्हें ‘डिजिटल डिटेंशन’ में रखा गया है और उनकी ऑनलाइन निगरानी की जा रही है। ठग ने उनसे बैंक खातों और उनमें मौजूद रकम की जानकारी ली। इसके बाद डराकर उनसे 4.5 लाख रुपये एक खाते में ट्रांसफर करा लिए।
शिकायत मिलने के बाद डीसीपी गजानन राजमाने के नेतृत्व में दहिसर पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने पैसों के लेन-देन की जांच की तो पता चला कि रकम महाकाल नाम की एक कारोबारी इकाई के करंट अकाउंट में भेजी गई थी। जांच में इस खाते से जुड़े ईमेल पते का इस्तेमाल धीरज कुमार प्रजापति द्वारा किए जाने की जानकारी सामने आई। पुलिस ने जांच के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने ठगी की रकम में से पैसे निकाले भी थे।
यह मामला एक बार फिर दिखाता है कि साइबर ठग किस तरह फर्जी पुलिस अधिकारी बनकर और गिरफ्तारी का डर दिखाकर बुजुर्गों को निशाना बना रहे हैं। ऐसे मामलों में किसी अनजान व्यक्ति के कहने पर बैंक से जुड़ी जानकारी या पैसे साझा नहीं करने की सलाह दी जाती है।





