गोवा के शिरगांव में जात्रा के दौरान मची भगदड़, 7 लोगों की मौत

गोवा: गोवा के शिरगांव में जात्रा के दौरान भगदड़ मचने की खबर आ रही है. इस भगदड़ में अभी तक 7 लोगों की मौत की बात सामने आ रही है जबकि 30 लोग घायल बताए जा रहे हैं. बताया जा रहा है कि ये भगदड़ श्री लैराई जात्रा के दौरान मची है. घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को पास के अस्पताल में भर्ती करा दिया है.
इस घटना के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ट्वीट करते हुए लिखा, गोवा के शिरगांव में भगदड़ के कारण हुई मौतों से दुखी हूं. अपने प्रियजनों को खोने वालों के प्रति संवेदना. घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना करता हूं. स्थानीय प्रशासन प्रभावित लोगों की सहायता कर रहा है.
Saddened by the loss of lives due to a stampede in Shirgao, Goa. Condolences to those who lost their loved ones. May the injured recover soon. The local administration is assisting those affected: PM @narendramodi
— PMO India (@PMOIndia) May 3, 2025
गोवा मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने लिखा, आज सुबह शिरगांव के लैराई जात्रा में हुई दुखद भगदड़ से मैं बहुत दुखी हूं. मैं घायलों से मिलने अस्पताल गया तथा प्रभावित परिवारों को हर संभव सहायता का आश्वासन दिया. मैं व्यक्तिगत रूप से स्थिति पर नजर रख रहा हूं ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि हर आवश्यक उपाय किए जा रहे हैं. माननीय प्रधानमंत्री जी ने मुझसे बात की और स्थिति का विस्तृत जायजा लिया तथा इस कठिन समय में अपना पूर्ण सहयोग देने की पेशकश की.
बताया जा रहा है कि इस आयोजन के लिए प्रशासन ने बड़े पैमाने पर इंतजाम किए थे. यात्रा के दौरान किसी तरह की गड़बड़ी ना हो इसके लिए पुलिस की विशेष टीम को भी तैनात किया गया था. भीड़ पर नजर बनाए रखने के लिए प्रशासन की तरफ से ड्रोन का भी इस्तेमाल किया जा रहा था.





