PM और उनकी मां के खिलाफ आपत्तिजनक भाषा पर बिहार में पांच घंटे का बंद!

बिहार में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की महिला शाखा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उनकी मां के खिलाफ कथित अभद्र भाषा के इस्तेमाल के विरोध में 4 सितंबर को पांच घंटे के बंद का आह्वान किया है। यह बंद गुरुवार सुबह 7 बजे से दोपहर 12 बजे तक रहेगा। हालांकि, आपातकालीन सेवाएं बंद से मुक्त रहेंगी।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जायसवाल ने पटना में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि राजद और कांग्रेस के मंच से ‘वोटर अधिकार यात्रा’ के दौरान प्रधानमंत्री और उनकी मां के खिलाफ इस्तेमाल किए गए शब्द आपत्तिजनक हैं। उन्होंने इसे केवल मोदी की मां का नहीं, बल्कि देश की हर मां का अपमान बताया। जायसवाल ने बताया कि बंद के दौरान आम जनता को कम से कम असुविधा हो, इसका पूरा ध्यान रखा जाएगा और एम्बुलेंस, अस्पताल जैसी आपातकालीन सेवाओं को पूरी तरह से मुक्त रखा जाएगा।
जदयू प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा ने इस घटना की निंदा करते हुए कहा कि महागठबंधन की यात्रा के दौरान की गई ये टिप्पणियां लोकतांत्रिक मर्यादाओं का उल्लंघन हैं और मां के पूजनीय पद का अपमान हैं। उन्होंने कहा कि बिहार की जनता ऐसी हरकतों को कभी माफ नहीं करेगी। हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा (हम) के प्रदेश अध्यक्ष अनिल कुमार ने भी कहा कि राजद-कांग्रेस के मंच से की गई अभद्र भाषा लोगों को बिहार के ‘जंगलराज’ की याद दिलाती है।
राजग नेताओं ने कहा कि इस घटना के विरोध में महिला मोर्चा 4 सितंबर को सड़कों पर उतरेगा और विरोध प्रदर्शन दर्ज कराएगा। यह मुद्दा बिहार की राजनीति में नई बहस का कारण बन सकता है और आने वाले चुनावों में प्रमुखता से उठाया जा सकता है।





