उत्तर प्रदेश सियासत की प्रमुख पार्टी में से एक समाजवादी पार्टी (एसपी) बिहार के विधानसभा चुनाव में राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) को समर्थन देगी। इस बात की जानकारी समाजवादी पार्टी ने सोमवार देर रात अपने ऑफिशियिल ट्विटर हैंडल के जरिये दी है। इसके साथ ही पार्टी ने कहा है कि वह गठबंधन नहीं कर रहे हैं, बल्कि राष्ट्रीय जनता दल के उम्मीदवारों का समर्थन करेंगे।
आगामी बिहार विधानसभा चुनावों में समाजवादी पार्टी किसी भी पार्टी से गठबंधन ना करते हुए राष्ट्रीय जनता दल के उम्मीदवारों का समर्थन करेगी।
— Samajwadi Party (@samajwadiparty) September 21, 2020
जल्द हो सकता है चुनाव की तारीखों का एलान।
गौरतलब है कि बिहार विधानसभा के चुनाव की तारीखों का ऐलान जल्द होने वाला है। इस समय सभी राजनीतिक दल अपनी-अपनी तैयारियों में लग गए हैं। बता दे इस चुनाव में असली लड़ाई एनडीए और महागठबंधन के बीच होगी। ऐसे में चुनाव से ठीक पहले समाजवादी पार्टी का आरजेडी को समर्थन देना आरजेडी के मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार तेजस्वी यादव के लिए बड़ी खुशखबरी माना जा रहा है।
बिहार में राष्ट्रीय जनता दल, कांग्रेस और कुछ अन्य दलों का महागठबंधन है। ऐसे में समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव की पार्टी का राष्ट्रीय जनता दल को समर्थन देना महागठबंधन के लिए एक अच्छा संकेत है।