Hindi Newsportal

बिहार में दूसरे चरण में 17 जिलों के 94 सीटों पर मतदान शुरू, इन हॉट सीटों पर है टक्कर का मुकाबला

0 659

बिहार विधानसभा के दूसरे चरण के लिए मतदान का आगाज़ हो चूका है। बता दे 17 जिलों के 94 सीटों पर ये चुनाव आज यानी 3 नवंबर को सुबह सात बजे से हो रहा है। चुनाव आयोग के मुताबिक, दूसरे चरण में 94 सीटों पर 1463 प्रत्याशियों की किस्मत का फैसला होना है, इनमें से 1316 पुरुष, 146 महिला और एक थर्ड जेंडर शामिल हैं। दूसरे चरण में दो करोड़ 85 लाख से अधिक मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर रहे है। इस चरण के लिए 41 हजार 362 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। इस चरण के चुनाव में महाराजगंज विधानसभा क्षेत्र में सबसे अधिक 27 प्रत्याशी हैं, जबकि दरौली विधानसभा क्षेत्र में सबसे कम चार प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं।

अब जाने किन सीट पर होगा तगड़ा मुकाबला।

राघोपुर:

वैशाली जिले की राघोपुर विधानसभा सीट से आरजेडी नेता तेजस्वी यादव दूसरी बार चुनावी मैदान में हैं। तेजस्वी को महागठबंधन ने मुख्यमंत्री का चेहरा बनाया है, जिसकी वजह से इस सीट पर पूरे देश की नजर है। बीजेपी ने उनके सामने सतीश कुमार को उतारा है। सतीश, 2010 के चुनाव में पूर्व सीएम राबड़ी देवी को हरा चुके हैं। वहीं, एलजेपी की ओर से मैदान में उतारे गए राकेश रौशन ने यहां मुकाबले को त्रिकोणीय बना दिया है।

Tejasvi Yadav – RJD

चेरिया बरियारपुर:

चेरिया बरियारपुर विधानसभा सीट से नीतीश सरकार में समाज कल्याण मंत्री रहीं मंजू वर्मा को जेडीयू ने फिर से उतारा है। उनके सामने महागठबंधन से आरजेडी उम्‍मीदवार राजवंशी महतो मैदान में हैं। एलजेपी ने राखी देवी को प्रत्‍याशी बनाया है। बता दे ये वही मंजू वर्मा है जिन्हे मुजफ्फरपुर शेल्टर होम कांड के कारण पद छोड़ना पड़ा था।

हसनपुर:

समस्तीपुर जिले की हसनपुर विधानसभा सीट से पूर्व सीएम लालू प्रसाद यादव के बड़े बेटे और पूर्व मंत्री तेजप्रताप यादव चुनाव लड़ रहे हैं। 2015 में उन्होंने महुआ से चुनाव जीता था। लेकिन इस बार उन्होंने अपनी सीट बदल दी है। उनके सामने जेडीयू के वर्तमान विधायक राजकुमार राय चुनावी ताल ठोक रहे हैं। यादव बाहुल्य इस सीट पर कांटे का मुकाबला है।

TejPratap Yadav – RJD

खगड़िया:

खगड़िया जिल की खगड़िया विधानसभा सीट पर मुकाबला कड़ा होने की उम्मीद है। यहां से जदयू के निवर्तमान विधायक व प्रत्याशी पूनम देवी यादव का मुकाबला एक तरफ लोजपा के रेणु कुशवाहा से है, तो दूसरी ओर महागठबंधन के कांग्रेस प्रत्याशी छत्रपति यादव भी कड़ी टक्कर दे रहे हैं।

बांकीपुर:

पटना जिले की बांकीपुर विधानसभा सीट खूब सुर्खियों में हैं। अब बताते है ये मुकाबला क्यों तगड़ा होने वाला है। दरअसल इस सीट से अभिनेता और पूर्व सांसद शत्रुघ्न सिन्हा के बेटे लव सिन्हा कांग्रेस के टिकट पर चुनावी मैदान में हैं। बीजेपी के मौजूदा विधायक नितिन नवीन के अलावा प्लुरल्स पार्टी की अध्यक्ष और सीएम उम्मीदवार पुष्पम प्रिया भी चुनौती पेश कर रही हैं।

Shatrughan Sinha’s Son – Luv Sinha (Congress)

परसा:

इस बार सारण जिले की परसा विधानसभा सीट पर कड़ा मुकाबला है। जेडीयू ने यहां से पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव के समधी चंद्रिका राय को उतारा है। आरजेडी के टिकट पर इस सीट से छोटे लाल राय चुनाव मैदान में हैं। एलजेपी ने इस सीट राकेश कुमार सिंह को उतारा है।

नालंदा:

बिहार विधानसभा के दूसरे चरण में नालंदा सीट पर सभी की नजरें टिकी हुई है। नालंदा में चुनाव चाहे विधानसभा का हो या लोकसभा का, उम्मीदवार जेडीयू का कोई भी हो, माना जाता है कि नीतीश कुमार खुद चुनाव लड़ रहे हैं। यही वजह है कि नालंदा को बिहार की सियासत में सबसे हॉट सीट में एक माना जाता है। इस बार इस सीट से जेडीयू ने श्रवण कुमार को मैदान में उतारा है। श्रवण से मुकाबले के लिए कांग्रेस के गुंजन पटेल, एलजेपी के रामकेश्वर प्रसाद और आरएलएसपी के सोनू कुमार मैदान में है।

शिवहर:

जेल में बंद बाहुबली आनंद मोहन के बेटे चेतन आनंद को आरजेडी ने शिवहर सीट से उतारा है। उनका मुकाबला जेडीयू के मौजूदा विधायक मो. शरफुद्दीन से है। इस सीट पर इस बार एलजेपी के प्रत्याशी विजय कुमार पांडेय न केवल जेडीयू और आरजेडी को कड़ी टक्कर देते नजर आ रहे हैं, बल्कि लड़ाई को त्रिकोणीय भी बना रहे हैं।

अब बताते है कि इस चरण में कितनी और किस विधानसभा सीट पर हो रहा है चुनाव।

विधानसभा सीटें:

पश्चिम चंपारण : नौतन, चनपटिया, बेतिया।

पूर्वी चंपारण : हरसिद्धि, गोविंदगंज, केसरिया, कल्याणपुर, पिपरा, मधुबन।

शिवहर : शिवहर

सीतामढ़ी : सीतामढ़ी, रून्नीसैदपुर, बेलसंड।

मधुबनी : मधुबनी, राजनगर, झंझारपुर, फुलपरास।

दरभंगा : कुशेश्वरस्थान, गौड़ाबौराम, बेनीपुर, अलीनगर, दरभंगा ग्रामीण।

मुजफ्फरपुर : मीनापुर, कांटी, बरुराज, पारू, साहेबगंज।

गोपालगंज : बैकुंठपुर, बरौली, गोपालगंज, कुचायकोट, भोरे, हथुआ।

सिवान : सिवान, जीरादेई, दरौली, रघुनाथपुर, दरौंदा, बड़हरिया, गौरेयाकोठी, महराजगंज।

सारण : एकमा, मांझी, बनियापुर, तरैया, मढ़ौरा, छपरा, गरखा, अमनौर, परसा, सोनपुर।

वैशाली : हाजीपुर, लालगंज, वैशाली, महुआ, राजापाकर, राघोपुर, महनार।

समस्तीपुर : उजियारपुर, मोहिउद्दीननगर, विभूतिपुर, रोसड़ा, हसनपुर।

बेगूसराय : चेरिया बरियारपुर, बछवाड़ा, तेघड़ा, मटिहानी, साहेबपुर कमाल, बेगूसराय, बखरी।

खगडिय़ा : अलौली, खगडिय़ा, बेलदौर, परबत्ता।

भागलपुर : बिहपुर, गोपालपुर, पीरपैंती, भागलपुर, नाथनगर।

नालंदा : अस्थावां, बिहारशरीफ, राजगीर, इस्लामपुर, हिलसा, नालंदा, हरनौत।

पटना : बख्तियारपुर, दीघा, बांकीपुर, कुम्हरार, पटना साहिब, फतुहा, दानापुर, मनेर और फुलवारी।

वैसे तो इसके अलावा और भी कई सीट्स है जहाँ पर चुनाव रोचक और मज़ेदार है मगर अब इन सभी सीटों पर रोचकता और तो चुनाव के नतीजों वाले दिन ही देखने को मिलेगी।

Click here for Latest News updates and viral videos on our AI-powered smart news

For viral videos and Latest trends subscribe to NewsMobile YouTube Channel and Follow us on Instagram