Hindi Newsportal

दिल्ली: कोहरे की चादर में लिपटी देश की राजधानी, कंपकंपाने वाली ठंड से बेहाल हुए लोग

car in fog: file image
0 1,384
दिल्ली: कोहरे की चादर में लिपटी देश की राजधानी, कंपकंपाने वाली ठंड से बेहाल हुए लोग

 

दिल्ली एनसीआर में कड़ाके की ठंड हो रही है। दिल्ली-एनसीआर में इस सीजन में पहली बार न्यूनतम तापमान 3.8 डिग्री रिकॉर्ड हुआ, जो सामान्य से तीन डिग्री कम है। पूरी राजधानी आज सुबह कोहरे की चादर से लिपटी हुई पायी गयी। कोहरे के चलते विजिबिलिटी बिलकुल लो रही जिसके कारण ट्रेनों और फ्लाइटों का संचालन भी प्रभावित हुआ।

 

दिल्ली सहित पूरे उत्तर भारत में कंपकंपाने वाली सर्दी एवं कोहरे का प्रकोप बना हुआ है। भारतीय मौसम विभाग का कहना है कि आने वाले चार-पांच दिनों में मौसम में बदलाव ज्यादा देखने को नहीं मिलेगा। यानी सुबह के समय घना कोहरा छाया रहेगा और सर्द हवाएं चलेंगी।

आईएमडी का कहना है कि 15 जनवरी के करीब पूर्वोत्तर मानसून की समाप्ति के अनुकूल मौसम दशाएं बन रही हैं। अगले कुछ दिनों तक पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ में सुबह वक्त घना कोहरा छाया रहेगा। यूपी के इलाकों में भी घना कोहरा छाए रहने का अनुमान जताया गया है।

भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने कहा कि राष्ट्रीय राजधानी में शुक्रवार को सुबह हल्के से मध्यम स्तर का कोहरा छाए रहने और अधिकतम एवं न्यूनतम तापमान क्रमश: 19 डिग्री सेल्सियस और 5 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।

गौरतलब है कि कोहरे से लो विजिबिलिटी के कारण दिल्ली आने वाली 24 रेलगाड़ियां प्रभावित हुई हैं। इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के पास पालम वेधशाला ने सुबह 5:30 बजे दृश्यता का स्तर 100 मीटर दर्ज किया हालांकि, सतही हवाओं के कारण सुबह सात बजे तक यह सुधरकर 500 मीटर पहुंच गया।