जमशेदपुर में दो गुटों में पथराव के बाद इलाके में धारा 144 लागू, इंटरनेट सेवा अस्थायी रूप से बंद

जमशेदपुर: झारखंड के जमशेदपुर में एक धार्मिक झंडे के कथित अपमान को लेकर दो समूहों के बीच पथराव के बाद इंटरनेट सेवाओं को बंद कर दिया गया है.
दरअसल, रविवार यानि 9 अप्रैल को जमशेदपुर में दो गुटों के बीच पथराव हो गया. आगजनी की घटनाएं हुईं और कई संपत्तियों को नुकसान पहुंचा. घटना कदमा थाना क्षेत्र की है. जिसके बाद इलाके में धारा 144 लागू कर दी गई है और सुरक्षा बलों ने सोमवार सुबह फ्लैग मार्च किया.
कार्यकारी मजिस्ट्रेट ज्योति कुमारी ने कहा, “सुरक्षा बल सुबह-सुबह फ्लैग मार्च कर रहे हैं. इलाके में धारा 144 लागू है. अगले आदेश तक इंटरनेट सेवाएं बंद रहेंगी.”
अधिकारियों के मुताबिक, पूरे इलाके में रैपिड एक्शन फोर्स (आरएएफ) कंपनी सहित बलों की भारी तैनाती की गई है.
जमशेदपुर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) प्रभात कुमार ने क्षेत्र की स्थिति के बारे में जानकारी देते हुए कहा, “स्थिति नियंत्रण में है. जो जमा हुए थे उन्हें घर भेज दिया गया है. पूरे इलाके में फोर्स तैनात कर दी गई है और आरएएफ की एक कंपनी तैनात कर दी गई है.
उपायुक्त, पूर्वी सिंहभूम विजय जाधव ने कहा, “हम स्थिति का आकलन कर रहे हैं. सामान्य स्थिति लाने के लिए शांति समिति और अन्य हितधारकों के साथ संचार स्थापित किया जा रहा है.”
डीसी जाधव ने कहा, “लोगों से अनुरोध है कि वे किसी भी अफवाह पर विश्वास न करें. यदि उन्हें कोई भड़काऊ या अप्रिय संदेश मिलता है, तो कृपया उन्हें पुलिस को रिपोर्ट करें.”





