केरल, मध्य प्रदेश, हिमाचल प्रदेश, राजस्थान के बाद हरियाणा और गुजरात भी बर्ड फ्लू की चपेट में आ गया है। केंद्र सरकार ने शुक्रवार को हरियाणा और गुजरात में बर्ड फ्लू की पुष्टि की। बता दे हरियाणा के पंचकूला के दो नमूने पॉजिटिव मिले हैं।
1.66 लाख मुर्गियां मारने की योजना।
इसके बाद दो फार्म के एक किलोमीटर दायरे में आने वाले पांच पॉल्ट्री फार्म की 1.66 लाख मुर्गियों को मारने का फैसला हुआ। इधर गुजरात के जूनागढ़ में भी मृत प्रवासी पक्षी में एवियन इंफ्लूएंजा की पुष्टि हुई। इसके अलावा दिल्ली व छत्तीसगढ़ में मृत पक्षी मिलने से संक्रमण की आशंका है। वहीं, केंद्र ने प्रभावित राज्यों में निगरानी और जांच के लिए टीम तैनात की है।
एमपी में 21 जिले बर्ड फ्लू की चपेट में।
मध्यप्रदेश में बर्ड फ्लू का खतरा बढ़ता जा रहा है। प्रदेश के 21 जिलों में पक्षियों की मौत के बाद भेजे गए सैंपल में बर्ड फ्लू होने की पुष्टि हुई है। इंदौर, मंदसौर, आगर, खरगोन, सीहोर, देवास ,उज्जैन, नीमच, गुना, खंडवा, शाजापुर ,शिवपुरी, बालाघाट, अशोकनगर, अलीराजपुर, झाबुआ, रतलाम, राजगढ़, सतना, बड़वानी में बर्ड फ्लू की पुष्टि हुई है। इसके अलावा कुछ और जिलों से भी सैंपल भोपाल भेजे गए हैं। इनकी जांच रिपोर्ट आना बाकी है।
इंदौर एवं नीमच में दो केस में बर्ड फ्लू की पुष्टि हुई है,मुर्गियों के सैंपल्स दुकानों से लिये गए थे। ज़िलों में चिन्हांकित स्थान से 1किमी दायरे में सभी दुकानें,चिकिन मार्केट 7 दिनों के लिए तत्काल बंद कर दिए जाएँ।10 किमी की परिधि में सर्विलांस किया जाए, इसके निर्देश मैंने दिए हैं।
— Shivraj Singh Chouhan (@ChouhanShivraj) January 7, 2021
हरियाणा में फार्म संचालकों को दिया जायेगा मुआवज़ा।
इधर हरियाणा की बात करे तो यहाँ के पॉल्ट्री फार्म में 80 लाख मुर्गियां हैं, जिनमें 16 हजार का रोज मरना आम है। जिन फार्म की मुर्गियों को मारा जाएगा, उनके संचालकों को प्रति मुर्गी 90 रुपये मुआवजा देंगे। फार्म के एक किमी दायरे को संक्रमित जोन और 10 किमी क्षेत्र को निगरानी जोन घोषित किया है। दस किमी दायरे में निगरानी होगी।
कुछ जगहों पर बर्ड फ़्लू से ज़्यादातर प्रवासी और जंगली पक्षियों के मरने की रिपोर्ट आयी है।मीट और अंडे को पूरी तरह पका कर खाएँ। घबराने की कोई बात नहीं है। राज्यों को सतर्क कर हर सम्भव मदद की जा रही है।
— Shandilya Giriraj Singh (@girirajsinghbjp) January 6, 2021
दिल्ली, छत्तीसगढ़ में कौवों की मौत से हड़कंप।
दिल्ली के मयूर विहार फेज 3 में 20 से ज्यादा कौवे और हस्तसाल के डीडीए पार्क में 16 पक्षी मृत मिले हैं। पशुपालन विभाग ने शुक्रवार को इनके सैंपल जांच के लिए जालंधर प्रयोगशाला भेजें। दिल्ली पशुपालन विभाग के डॉ. राकेश सिंह ने बताया, कुछ दिन में 20 से ज्यादा कौवों की मौत हुई है। अभी यह पता नहीं चल पाया है कि मौत का कारण बर्ड फ्लू संक्रमण है या नहीं।
हिमाचल में अब तक 3,702 प्रवासी पक्षी मिले मृत।
हिमाचल प्रदेश की पौंग झील शुक्रवार को 273 प्रवासी पक्षी मृत मिले। यहां 28 दिसंबर से अब तक 3,702 प्रवासी पक्षी बर्ड फ्लू के कारण मर चुके हैं। संक्रमण की रोकथाम के लिए हैदराबाद से विशेषज्ञों की टीम पहुंची है। वहीं, विदेशी परिंदे दफनाने के लिए पशुपालन विभाग की 18 रैपिड रिस्पांस टीमें जुटी हैं।
कांगड़ा जिले में स्थित झील, पौंग बांध में बर्ड फ्लू से पक्षियों की मौत होना चिंताजनक है।
हमने धर्मशाला में बर्ड फ्लू की स्थिति और तैयारियों को लेकर स्थानीय प्रशासन से बैठक कर आगामी रूपरेखा तैयार की।
इस बीमारी से निपटने हेतु हमारी सरकार गंभीर है। pic.twitter.com/ruxCnDN8mF
— Jairam Thakur (@jairamthakurbjp) January 8, 2021
6 राज्यों में हो चुकी है बर्ड फ्लू की पुष्टि।
गौरतलब है कि अब तक छह राज्यों में बर्ड फ्लू की पुष्टि हो चुकी है। इन राज्यों को संक्रमण रोकने के लिए एक्शन प्लान के मुताबिक कदम उठाने को कहा है।