‘इंडियाज गॉट लैटेंट’ मामले में गुवाहाटी पुलिस ने आशीष चंचलानी का रिकॉर्ड किया बयान

‘इंडियाज गॉट लैटेंट’ शो के विवाद के चलते गुरुवार को यूट्यूबर आशीष चंचलानी गुवाहाटी क्राइम ब्रांच के सामने पेश हुए. जहाँ उनका बयान दर्ज किया गया. क्राइम ब्रांच द्वारा दी गयी सूचना के अनुसार,आशीष चंचलानी दोपहर 12:30 बजे क्राइम ब्रांच पहुंचे. उनसे लगभग 5 घंटे तक पूछताछ की गई.
इस मामले में संयुक्त पुलिस आयुक्त अंकुर जैन ने कहा कि एफआईआर में नामित सभी यूट्यूबर्स व शो मेकर्स को नोटिस भेजा गया हैं, जिनमें आशीष चंचलानी के अलावा रणवीर इलाहाबादिया, समय रैना, अपूर्व मुखीजा और जसप्रीत सिंह का नाम शामिल हैं.
संयुक्त पुलिस आयुक्त ने ANI को बताया कि सभी नामित यूट्यूबर्स में से एक आशीष चंचलानी क्राइम ब्रांच में में आये, और हमने उनका बयान दर्ज कर लिया है. इस प्रक्रिया में आशीष चंचलानी ने पूरी तरह से हमें सहयोग दिया है इसलिए हमने उन्हें जाने की अनुमति दे दी है. हालांकि आशीष द्वारा दिए गए बयान के आधार पर उन्हें दोबारा नहीं बुलाया गया है, लेकिन जरूरत पड़ने पर अधिकारी उन्हें आगे की पूछताछ के लिए बुला सकते हैं. आशीष ने हमसे कहा है की जब भी हम उसे पूछताछ के लिए बुलायेंगें वो हमारे सामने हाजिर होंगें.
संयुक्त पुलिस आयुक्त अंकुर जैन ने कहा कि, “रणवीर इलाहाबादिया, समय रैना, अपूर्व मुखीजा, जसप्रीत सिंह व अन्य नामित आरोपियों को हमने नोटिस भेजा है, लेकिन उनकी तरफ से अभी तक इस नोटिस पर कोई प्रक्रिया या जवाब नहीं आया है. हम कानूनी प्रक्रिया के अनुसार मामले को देख रहे हैं, कुछ समय इसका इंतजार करेंगें नहीं तो इस मामले पर हम कड़ी कार्रवाई करेंगे.”
FIR दर्ज होने के बाद आशीष चंचलानी को 18 फरवरी को मामले के सिलसिले में गुवाहाटी हाई कोर्ट ने अंतरिम जमानत भी दी थी. यही नहीं आशीष के वकील ने इस केस को मुंबई ट्रान्सफर करने के लिए अर्जी भी लगायी थी.





