फैक्ट चेक: प्रेस वार्ता कर रहीं एस्ट्रोनॉट सुनीता विलियम्स का यह वीडियो हालिया दिनों नहीं, जानें पूरा सच

फैक्ट चेक: प्रेस वार्ता कर रहीं एस्ट्रोनॉट सुनीता विलियम्स का यह वीडियो हालिया दिनों नहीं, जानें पूरा सच
सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, वीडियो विश्व प्रसिद्ध एस्ट्रोनॉट सुनीता विलियम्स का है, जो अभी हाल ही में पूरे नौ महीने बाद अंतरिक्ष से धरती वापस लौटी हैं। इस वीडियो में सुनीता मीडिया से बात करती नजर आ रहीं हैं, बातचीत के दौरान उन्होंने अंग्रजी भाषा में कहा कि “मैं अपनी भारतीय विरासत की सराहना करती हूं और मुझे खुशी है कि मैं इसका एक हिस्सा अपने साथ अंतरिक्ष में ले जा सकी, गणेश हमेशा मेरे घर में रहे हैं, मैं जहां भी रहीं हू, मेरे पास गणेश रहे हैं।” सुनीता विलियम्स के इसी वीडियो को सोशल मीडिया पर हालिया दिनों में शेयर कर दावा किया किया जा रहा है कि हाल ही में अंतरिक्ष से लौटने के बाद का है।
फेसबुक के वायरल वीडियो को शेयर कर हिंदी भाषा के कैप्शन में लिखा गया है कि “में अपने साथ स्पेस में गणेश जी की एक मूर्ति और भागवत गीता ले गई थी इन्हीं दोनों चीजों ने मुझे सहारा दिया मुझे मानसिक तनाव से दूर रखा: सुनीता विलियम्स अमेरिका में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में !!”

फेसबुक के वायरल पोस्ट का लिंक यहाँ देखें।
फैक्ट चेक:
न्यूज़मोबाइल की पड़ताल में हमने जाना कि वायरल वीडियो हालिया दिनों का नहीं है।
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो को देखने पर हमें इसके पुराने होने की आशंका हुई। जिसके बाद हमने पड़ताल की। इस दौरान हमने वीडियो को कुछ कीफ्रेम्स में तोड़ा और फिर गूगल लेंस पर सर्च किया। इस दौरान हमें वायरल वीडियो NDTV के आधिकारिक यूट्यूब चैनल पर मिला जिसे अप्रैल 02, 2013 को अपलोड किया गया था। वीडियो को इस शीर्षक के साथ अपलोड किया गया था, “अंतरिक्ष यात्री सुनीता विलियम्स कहती हैं, ‘अंतरिक्ष में मेरे पास समोसे थे।”
गौरतलब है कि यूट्यूब पर प्राप्त वीडियो के डिस्क्रिप्शन पर वायरल वीडियो को अपलोड कर जानकारी दी गयी थी कि भारत की यात्रा पर आईं अंतरिक्ष यात्री सुनीता विलियम्स ने दिल्ली स्थित राष्ट्रीय विज्ञान केंद्र में भाषण दिया। बता दें कि उपरोक्त मिली जानकारी के अनुसार वायरल वीडियो उस दौरान का है जब सुनीता विलियम्स साल 2013 के दौरान भारत के दौरे पर आयी थी।
इस बात की पुष्टि के लिए हमने गूगल पर बारीकी से खोजना शुरू किया। खोज के दौरान हमें वायरल वीडियो के संबंध में हिंदुस्तान टाइम्स की वेबसाइट पर प्रकाशित एक लेख मिला जिसे अप्रैल 02, 2013 को छापा गया था। रिपोर्ट में कहा गया है कि सुनीता विलियम्स ने दिल्ली के राष्ट्रीय विज्ञान केंद्र में छात्रों को बताया कि वह अंतरिक्ष में गणेश की मूर्ति और समोसे लेकर गई थीं।

गौरतलब है कि सुनीता विलियम्स अंतरिक्ष की तीन यात्राएँ कर चुकी हैं। पहली यात्रा 9 दिसंबर, 2006 से 22 जून, 2007 तक थी। दूसरी यात्रा 14 जुलाई, 2012 से 18 नवंबर, 2012 तक थी। तीसरी और सबसे हाल की यात्रा 5 जून, 2024 को शुरू हुई। 9 महीने तक चलने वाला यह अंतरिक्ष मिशन 18 मार्च, 2025 को समाप्त हुआ।
पड़ताल के दौरान मिले तथ्यों से हमने जाना कि वायरल वीडियो हालिया दिनों का नहीं बल्कि साल 2013 के दौरान का हैं जब एस्ट्रोनॉट सुनीता विल्लियम्स अंतरिक्ष की अपनी दूसरी यात्रा के बाद भारत लौटी थीं।





