फैक्ट चेक: पिता और पुत्री की शादी की जानकारी का यह वीडियो असली घटना का नहीं, जानें पूरा सच

फैक्ट चेक: पिता और पुत्री की शादी की जानकारी का यह वीडियो असली घटना का नहीं, जानें पूरा सच
सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। यह वीडियो कथित तौर पर एक नवविवाहित दंपत्ति का है, जहां एक अधेड़ उम्र के शख्स ने अपने से कम उम्र वाली एक युवती से शादी की है। वीडियो में गौर किया जा सकता है कि शख्स मुस्लिम हैं, जबकि युवती दूसरे समुदाय से ताल्लुक रखती है। वीडियो में युवती को फूलों की माला पहने देखा जा सकता है। इसी वीडियो को सोशल मीडिया पर शेयर कर दावा किया जा रहा है कि एक मुस्लिम पिता ने अपनी ही पुत्री से शादी कर ली है।
फेसबुक पर वायरल वीडियो को शेयर कर हिंदी भाषा के कैप्शन में लिखा गया है कि “बाप बेटी ने शादी की, और वो इसे अपने मजहब के अनुसार जायज भी बता रहे हैं बेटा भी शर्मिंदा है!!! ये कैसी कौम है?? स्वयं देखिए… पहले इस बाबा ने हिंदू महिला को कन्वर्ट किया, फिर उसके मरने पर उसकी बेटी से निकाह कर लिया। इस लड़की को भी ब्रेनवाश कर दिया।”

फैक्ट चेक:
न्यूज़मोबाइल की पड़ताल में हमने जाना कि वायरल वीडियो असली नहीं है
इंटरनेट पर वायरल हो रहे वीडियो की सत्यता जानने के लिए हमने पड़ताल की। सबसे पहले हमने गौर किया कि वायरल वीडियो की शुरुआत में एक डिस्क्लेमर दिया गया था। जहां बताया गया है कि वायरल वीडियो सिर्फ मनोरंजन के उद्देश्य से बनाया गया है, इसका वास्तविकता से कोई संबंध नहीं है। इसके साथ ही डिस्क्लेमर में किसी कन्हैया सिंह का नाम भी दिया गया था।

इसके बाद वीडियो की सटीक जानकारी के लिए हमने वीडियो को कुछ कीफ्रेम्स में तोड़ा और फिर गूगल पर रिवर्स इमेज सर्च टूल के माध्यम से खोजना शुरू किया। थोड़ी छानबीन के बाद हमें वायरल वीडियो कन्हैया कश्यप 02 नामक फेसबुक पर वायरल वीडियो मिला जिसे सितंबर 04, 2024 को अपलोड किया गया था। प्राप्त पोस्ट का लिंक यहाँ देखें।

प्राप्त फेसबुक पेज के बायो वाले स्थान पर एक्सपोज़ और प्रैंक वीडियो लिखा हुआ था, यानी इस पेज पर प्रैंक वाले वीडियो अपलोड किया जाते हैं।

फेसबुक पेज को खंगालने पर हमें वायरल वीडियो में दिख रहे लोगों के कुछ दूसरे वीडियो भी मिले जहां उन्हें अन्य किरदार निभाते हुए देखा जा सकता है।

पड़ताल के दौरान मिले तथ्यों से हमने जाना कि वायरल वीडियो असली घटना पर नहीं बल्कि स्क्रिप्टेड हैं, जो मनोरंजन के लिए बनाया गया था।





