फर्जी निकली वायरल तस्वीर, राहुल गांधी, सोरोस, सोरोसऔर अभिजीत दिपके की फोटो AI से तैयार

सोशल मीडिया पर एक तस्वीर तेजी से वायरल हो रही है। इसमें कांग्रेस नेता राहुल गांधी, अभिजीत दिपके, सैम पित्रोदा, अमेरिकी निवेशक जॉर्ज सोरोस, पर्यावरण कार्यकर्ता ग्रेटा थनबर्ग और प्रतिबंधित संगठन ‘सिख्स फॉर जस्टिस’ के संस्थापक गुरपतवंत सिंह पन्नू एक साथ दिखाई दे रहे हैं। दावा किया जा रहा है कि ये सभी लोग NEET पेपर लीक मामले को लेकर हुए CJP आंदोलन के समर्थन में एक ही नेटवर्क का हिस्सा थे और भारत के खिलाफ मिलकर काम कर रहे थे।
क्या निकला फैक्ट चेक में?
न्यूज़मोबाइल (NewsMobile) की फैक्ट चेक टीम ने इस दावे की जांच की और पाया कि वायरल तस्वीर असली नहीं, बल्कि AI (आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस) की मदद से बनाई गई है।
जांच के दौरान टीम ने तस्वीर का रिवर्स इमेज सर्च किया, लेकिन कोई भी विश्वसनीय खबर, आधिकारिक रिकॉर्ड या असली फोटो नहीं मिली, जिसमें राहुल गांधी और अभिजीत दिपके को जॉर्ज सोरोस, ग्रेटा थनबर्ग या गुरपतवंत सिंह पन्नू के साथ देखा गया हो।
हालांकि राहुल गांधी ने CJP के छात्र आंदोलन के दौरान पुलिस कार्रवाई की आलोचना की थी, लेकिन ऐसा कोई सबूत नहीं मिला कि उन्होंने या अभिजीत दिपके ने इन लोगों के साथ किसी बैठक में हिस्सा लिया हो।
तस्वीर की बारीकी से जांच करने पर कई ऐसी खामियां भी मिलीं, जो AI से बनाई गई तस्वीरों में अक्सर दिखाई देती हैं। चेहरों का असामान्य मेल, रोशनी और छाया में गड़बड़ी, शरीर के अनुपात में असंतुलन और तस्वीर की बनावट में प्राकृतिक गहराई की कमी साफ नजर आई।
इसके अलावा, AI डिटेक्शन टूल Hive Moderation से जांच करने पर भी पुष्टि हुई कि यह तस्वीर AI-जनित है। राहुल गांधी, अभिजीत दिपके, जॉर्ज सोरोस, ग्रेटा थनबर्ग और गुरपतवंत सिंह पन्नू की साथ वाली वायरल तस्वीर फर्जी है। यह AI की मदद से बनाई गई है और इसे असली तस्वीर बताकर भ्रामक दावे के साथ सोशल मीडिया पर साझा किया जा रहा है।





